राम नवमी के अवसर पर मध्य प्रदेश के राम मंदिरों में भक्तों का सैलाब, विशेष अनुष्ठान के साथ मनाया जा रहा जन्मोत्सव
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। देशभर में आज रामनवमी की धूम है और मंदिरों में राम जन्मोत्सव का त्योहार पूरे हर्षोउल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
अयोध्या से लेकर उज्जैन तक में रामनवमी के मौके पर भक्त बड़ी संख्या में मंदिर में दर्शन और अनुष्ठान करने के लिए पहुंच रहे हैं। मध्य प्रदेश में स्थित कई राम मंदिरों में भक्त प्रभु श्री राम के दिव्य दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
राम नवमी के अवसर पर भगवान राम के वनवास काल से जुड़े प्राचीन मंदिर राम जनार्दन मंदिर में विशेष अनुष्ठान और महा आरती के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर में पहुंच रहे हैं। पूरा मंदिर जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा है। मंदिर के पुजारी राजेश का कहना है कि राम जनार्दन मंदिर देश के प्राचीन मंदिरों में से एक है, जहां भगवान राम और नारायण दोनों एक साथ मौजूद हैं।
पुजारी के मुताबिक, वनवास के समय भगवान राम ने इसी स्थान पर विश्राम किया था और स्नान किया था। राम नवमी के मौके पर मंदिर में विशेष अनुष्ठान होते हैं और राम नाम का जाप भी किया जाता है।
वहीं, इंदौर के गीता भवन राम मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है, जहां विशेष अनुष्ठान, छप्पन भोग और भगवान राम के जन्मोत्सव के लिए बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।
मंदिर के पुजारी जगदीश चंद्र भार्गव ने आईएएनएस से खास बातचीत में बताया कि आज का दिन राम भक्तों के लिए बहुत खास है और भगवान श्री राम का अभिषेक कर अद्भुत शृंगार भी किया गया है। भगवान को 56 भोग अर्पित कर पाठ किया गया है। खास बात यह है कि मंदिर में दर्शन के लिए दूर-दूर से साधु-संत पहुंच रहे हैं।
मंदिर में दर्शन करने पहुंचे मथुरा के संत सर्वेश चंद्र महाराज ने कहा कि रामनवमी के त्योहार पर राम भक्त एकजुट हो रहे हैं और देश में जल्द ही राम राज्य की स्थापना होगी, जिसकी परिकल्पना हर हिंदू कर रहा है। मध्य प्रदेश के देवास में राम नवमी के अवसर पर खेड़ापति राम मंदिर में अद्भुत नजारा देखने को मिला। पूरा मंदिर परिसर जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा।
पुजारी ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही भीड़ बढ़ रही है और राम नवमी के उपलक्ष्य में मंदिर को फूलों से सजाया गया और प्रभु का भी दिव्य शृंगार किया गया।
--आईएएनएस
पीएस/एबीएम