×

राम मंदिर ट्रस्ट विवाद पर भाजपा ने सपा को घेरा, कहा- जांच से पहले राजनीति बंद करें, देश सुरक्षित हाथों में है

 

लखनऊ, 6 जुलाई (आईएएनएस)। राम मंदिर के लिए मिले दान की चोरी के विवाद के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक, अयोध्या मुद्दे पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भाजपा नेताओं ने पलटवार किया। नेताओं ने कहा कि सपा जांच रिपार्ट आने से पहले राजनीति बंद करे।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि मैं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक के बारे में कुछ नहीं कह सकता, लेकिन यह जरूर है कि सीएम योगी आदित्‍यनाथ और विश्‍व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष आलोक कुमार के बयान आ चुके हैं। इस मामले में पारदर्शी, जल्‍द कार्रवाई हो और सच्‍चाई सबके सामने आए, दोषियों पर सख्‍त कार्रवाई होनी चाहिए। पूज्‍य महंत नृत्‍य गोपाल दास जी महाराज संत शिरोमणि हैं, उनकी चिंता स्‍वाभाविक है। सबको सरकार और जांच पर भरोसा करना चाहिए।

उन्‍होंने कहा कि कुछ विरोधी दल हैं, जो इस मामले को राजनीति का मुद्दा बना रहे हैं। जब तक एसआईटी की जांच रिपोर्ट सामने न आ जाए, तब तक किसी भी राजनीतिक दल को बयानबाजी से बचना चाहिए।

यूपी के मंत्री मनोज पांडे ने समाजवादी पार्टी पर पाखंड का आरोप लगाया और कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में सनातन और देश सुरक्षित हैं।

मंत्री मनोज पांडे ने चढ़ावा मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह आज तक श्रीराम के दर्शन करने क्‍यों नहीं गए। सनातन के साथ खिलवाड़ करने वाले, रामचरित मानस को जलवाने वाले, हिंदू देवी-देवताओं के अस्तित्‍व को नकारने वाले लोग हमें ज्ञान दे रहे हैं। हमें उनके ज्ञान की जरूरत नहीं है, आज राष्‍ट्र और सनातन सुरक्षित हाथों में है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी को विधानसभा चुनाव 2027 में 27 सीटें नहीं मिलने वाली हैं। जितनी सीटें बिहार में आरजेडी को मिली, उतनी सीटें उत्‍तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को मिलेंगी।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम