×

Ram Mandir Trust Breaking: 3 नए ट्रस्टियों के नाम पर लगी मुहर, जल्द सामने आएगा पहले CEO का नाम

 

Ram Mandir Trust: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को अयोध्या में अहम बैठक हो रही है। बैठक में ट्रस्ट के तीन नए सदस्यों के नाम तय कर लिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, मदन पांडे, महेश भागचंदका और निर्मला यादव को नया ट्रस्टी चुना गया है।

ट्रस्ट की यह बैठक अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के आवास मणिराम दास छावनी में हो रही है। बैठक में अब ट्रस्ट के नए CEO के नाम पर भी फैसला होने की उम्मीद है।

तीन नए ट्रस्टी क्यों चुने गए?

अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े दान के कथित गबन के मामले के बाद ट्रस्ट में कुछ पद खाली हुए थे। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, अनिल मिश्रा और एक अन्य ट्रस्टी के इस्तीफे के बाद इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू हुई।

अब इन रिक्त पदों पर मदन मोहन पांडेय, महेश भागचंदका और निर्मला यादव को चुना गया है।

जानकारी के मुताबिक, मदन मोहन पांडेय अयोध्या से, महेश भागचंदका दिल्ली से और निर्मला यादव शिकोहाबाद से हैं।

CEO के नाम पर भी जल्द लग सकती है मुहर

दान से जुड़े कथित गबन के मामले के बाद ट्रस्ट के वित्तीय और प्रशासनिक प्रबंधन की निगरानी को मजबूत करने के लिए CEO का पद तैयार किया गया है। इसी पद के लिए चयन प्रक्रिया पिछले कुछ समय से चल रही थी।

रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली समिति ने मंगलवार को अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप दी। समिति ने CEO पद के लिए तीन नामों की सिफारिश की है।

इनमें प्रयागराज के पूर्व IPS अधिकारी राजेश पांडे और गोंडा के पूर्व IAS अधिकारी योगेश्वर मिश्रा के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं।

अब ट्रस्ट की बैठक में समिति की सिफारिशों पर चर्चा के बाद CEO के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

AI की मदद से हुई उम्मीदवारों की स्क्रीनिंग

राम मंदिर ट्रस्ट के CEO के चयन की प्रक्रिया में AI का भी इस्तेमाल किया गया। उम्मीदवारों के आवेदन की स्क्रीनिंग के लिए 600 अंकों का मूल्यांकन ढांचा तैयार किया गया था।

शुरुआती चरण में कुल 3,577 उम्मीदवारों के आवेदनों का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद 470 से ज्यादा अंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए चुना गया।

इसके बाद 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में 108 उम्मीदवारों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बातचीत की गई। चयन प्रक्रिया के अगले चरण में 16 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया गया।

अब समिति की रिपोर्ट और चयन प्रक्रिया के आधार पर ट्रस्ट की बैठक में नए CEO के नाम पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है।