×

राम मंदिर से चंदा चोरी करने वालों को बीच रास्ते में खड़े करके कोड़ों से मारना चाहिए: राम कदम

 

मुंबई, 28 जून (आईएएनएस)। भाजपा नेता राम कदम ने टीईटी पेपर लीक मामले पर टिप्पणी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर चंदा विवाद, मुहर्रम जहरीले कैप्सूल मामले, पंजाब में सीता-लव कुश मंदिर बनाने की अरविंद केजरीवाल की घोषणा पर प्रतिक्रिया दी।

राम मंदिर चंदा विवाद पर राम कदम ने कहा, "500 सालों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है। अयोध्या एक नाम नहीं, हमारे लिए श्रद्धा का केंद्र है। राम मंदिर से चंदा चोरी करने वालों को बीच रास्ते में खड़े करके कोड़ों से मारना चाहिए या फांसी दे देना चाहिए। इस मामले पर यूपी सरकार गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। इस घटना को लेकर विपक्ष भगवान राम को बदनाम न करे, क्योंकि राम मंदिर हमारी आस्था का प्रतीक है।"

उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "महाराष्ट्र में टीईटी पेपर लीक होना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। पेपर लीक करने वालों को ढूंढकर फांसी के फंदे तक पहुंचाना होगा। पेपर लीक मामले की एसआईटी जांच कर रही है और तीन आरोपियों को अभी तक पकड़ा गया है। पेपर लीक करने वाले गैंग के मुखिया को ढूंढकर कड़ी सजा दी जाएगी, ताकि भविष्य में कोई ऐसा करने की हिम्मत न करे।"

विपक्ष द्वारा पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर भाजपा नेता ने कहा, "पेपर लीक करने वालों के खिलाफ सत्ता-विपक्ष को मिलकर लड़ना होगा। पेपर लीक का कोई समर्थन नहीं कर सकता है और ये कोई सियासी मुद्दा नहीं है। पेपर लीक करने वालों को ढूंढकर कड़ी से कड़ी सजा देनी होगी, इसकी शुरुआत सरकार ने कर दी है। इस मामले में विपक्ष को ओछी राजनीति नहीं करनी चाहिए।"

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेशेल्स दौरे को लेकर भाजपा नेता राम कदम ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व के कई देशों का दौरा कर भारत का नाम ऊंचा किया है। भारत को धीरे-धीरे विश्व गुरु का दर्जा मिल रहा है। छोटे-बड़े देशों का दौरा कर प्रधानमंत्री भारत के रिश्ते को मजबूत कर रहे हैं।"

मुंबई में मुहर्रम जुलूस में जहरीली कैप्सूल बांटने को लेकर उन्होंने कहा, "कैप्सूल बांटने वाला व्यक्ति मुस्लिम था। कैप्सूल खाने के बाद कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अब जांच के बाद पता चलेगा कैप्सूल बांटने वाले का क्या मकसद था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं?"

अरविंद केजरीवाल द्वारा पंजाब में माता सीता और लव-कुश मंदिर बनाने की घोषणा पर भाजपा नेता ने कहा, "केजरीवाल पहले प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से राम मंदिर का विरोध करते थे, लेकिन अब मंदिर बनाने की बात कर रहे हैं। हिंदू देवी-देवताओं का मंदिर कहीं पर बनेगा तो उसका स्वागत है, लेकिन अगर केजरीवाल चुनाव के लिए मंदिर बना रहे हैं, तो पंजाब के हिंदुओं को सतर्क रहना होगा। इनके मुंह में राम है और बगल में छूरी।"

--आईएएनएस

ओपी/डीकेपी