राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी अधर्म, निष्पक्ष जांच हो: शिवपाल सिंह यादव
कानपुर, 17 जून (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बुधवार को कानपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और अनियमितताओं के मुद्दे पर भाजपा और मंदिर प्रबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि भगवान राम के मंदिर से जुड़े कार्यों में भी अनियमितता या चोरी की बातें सामने आती हैं तो इससे बड़ा अधर्म कुछ नहीं हो सकता।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा के नेता जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं और जब सच्चाई सामने आती है तो जवाब देने से बचते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा के शासन में व्याप्त भ्रष्टाचार का उदाहरण है। भगवान राम के मंदिर से चोरी होना बेहद गंभीर मामला है और यदि बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मंदिर प्रबंधन और इससे जुड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा समाजवादी पार्टी को लेकर दिए गए बयानों पर भी शिवपाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती हुई दिखाई दे रही है, इसलिए वे इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और प्रदेश की जनता का समर्थन उसे मिल रहा है।
शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने केशव प्रसाद मौर्य को कई बार राजनीतिक रूप से पराजित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौर्य केवल अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने और टीआरपी बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में दोबारा चुनाव होता है तो समाजवादी पार्टी उन्हें हराने का काम करेगी।
सपा नेता ने विश्वास जताया कि प्रदेश में जनता भाजपा की नीतियों से परेशान है और आगामी चुनावों में समाजवादी पार्टी को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच काम कर रहे हैं।
बता दें कि सपा नेता कानपुर के गदियाना क्षेत्र निवासी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता अकील खान का हालचाल जानने उनके आवास पहुंचे थे। वह वहां करीब 20 मिनट तक रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
--आईएएनएस
एसएके/डीकेपी