×

राम मंदिर मामले में केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने दिया आश्वासन, दोषी बख्शे नहीं जाएंगे

 

गोंडा, 28 जून (आईएएनएस)। अयोध्या में राम मंदिर के दानपेटी में चोरी का मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इस बीच केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने रविवार को अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस प्रकरण में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मंदिर के विषय पर हम केवल एक चीज का आश्वासन देना चाहते हैं कि कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। जांच हो रही है, समय दीजिए। कोई भी दोषी जिसने आस्था के साथ खिलवाड़ किया है, उससे पूरा समाज बहुत आहत है। कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।"

उन्होंने कैलाश विजयवर्गीय के उस बयान पर टिप्पणी करने से मना किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) में लोग बहुत हैं, लेकिन अच्छे लोगों की कमी है।'

इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के पासपोर्ट मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "यह कोई नई चीज है, बल्कि यह कांग्रेस के जमाने से है। शशि थरूर पता नहीं क्या बोल रहे हैं।"

इससे पहले कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शुक्रवार को भारतीय पासपोर्ट की कानूनी स्थिति को लेकर चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए कानून में संशोधन की मांग की थी। उन्होंने तर्क दिया कि पासपोर्ट और आधार कार्ड दोनों को भारतीय नागरिकता के वैधानिक प्रमाण के रूप में मान्यता दी जानी चाहिए, जब तक कि उन्हें राज्य द्वारा रद्द या वापस नहीं ले लिया जाता।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते विदेश मंत्रालय के उस हालिया बयान पर सवाल उठाए थे, जिसमें कहा गया है कि भारतीय पासपोर्ट मुख्य रूप से एक यात्रा दस्तावेज है, न कि भारतीय नागरिकता का पक्का प्रमाण है। थरूर ने कहा कि यह बयान, खासकर 'पासपोर्ट सेवा दिवस' पर जारी होने के कारण लोगों में हैरानी और राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।

उन्होंने पासपोर्ट को नागरिकता का महत्वपर्ण दस्तावेज मानने की अपील की थी।

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी