राम मंदिर की व्यवस्थाओं को नई धार देने अयोध्या पहुंचे पहले सीईओ जितेंद्र मिश्र, संभाली कमान
अयोध्या, 8 सितंबर (आईएएनएस)। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर अपनी नई जिम्मेदारी संभाल ली। पदभार संभालने के बाद उन्होंने सबसे पहले राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और इसके बाद तीर्थ क्षेत्र भवन पहुंचकर मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं और अधिकारियों के साथ कामकाज शुरू किया।
ट्रस्ट ने जितेंद्र मिश्र के लिए मंदिर के समीप ही अपने एक भवन में आवास की व्यवस्था की है। अब वह अयोध्या में रहकर मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, वित्तीय प्रबंधन और श्रद्धालुओं से जुड़ी सुविधाओं की निगरानी करेंगे। मंगलवार को मंदिर परिसर पहुंचने के बाद वह ग्रीन हाउस गए, जहां उन्होंने मंदिर से जुड़े अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मिश्रा की नियुक्ति इसी महीने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में की गई थी।
मंदिर के पहले सीईओ के चयन के लिए गठित खोज समिति की सिफारिशों के आधार पर पांच हजार से अधिक संभावित उम्मीदवारों में से उनका चयन किया गया। ट्रस्ट ने भारतीय वायुसेना में 39 वर्षों से अधिक के उनके विशिष्ट सेवाकाल और व्यापक प्रशासनिक एवं नेतृत्व अनुभव को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। मिश्रा इससे पहले नियुक्ति के बाद अयोध्या की अपनी पहली यात्रा पर आए थे। उस दौरान उन्होंने ट्रस्टियों के साथ बैठक कर सीईओ के रूप में अपनी जिम्मेदारियों, कार्यक्षेत्र और मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को समझा था। इसके बाद वह दिल्ली लौट गए थे।
मंगलवार को अयोध्या पहुंचने के बाद अब वह स्थायी रूप से यहीं रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। सीईओ के रूप में मिश्रा के सामने मंदिर की बढ़ती गतिविधियों और श्रद्धालुओं की संख्या के बीच प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की चुनौती होगी। मंदिर प्रबंधन, सुरक्षा, कर्मचारियों की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, वित्तीय प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल हैं।
मिश्रा को 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना में कमीशन मिला था। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र हैं और पश्चिमी वायु कमान के प्रमुख के रूप में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान उन्होंने पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व किया था। मिश्रा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे की तैयारियों को लेकर भी मंदिर से जुड़े अधिकारियों के साथ समन्वय किया।
मुख्यमंत्री अयोध्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सम्मान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हनुमानगढ़ी और श्री राम मंदिर में दर्शन करने वाले हैं। ट्रस्ट के सीईओ के रूप में मिश्रा की नियुक्ति को मंदिर प्रशासन को अधिक पेशेवर, व्यवस्थित और जवाबदेह स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सैन्य सेवा में लंबे प्रशासनिक और नेतृत्व अनुभव के बाद अब उनके सामने दुनिया के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल हो चुके राम मंदिर की बढ़ती व्यवस्थाओं को संस्थागत रूप देने की जिम्मेदारी है।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम