राम मंदिर चढ़ावा मामला: आठ आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए, रिमांड की तैयारी में पुलिस
अयोध्या, 26 जून (आईएएनएस)। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी के मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किए जाने के बाद तीन दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी कर रही है और सोमवार को उन्हें दोबारा अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी की मांग करेगी।
पुलिस के अनुसार, मोहर्रम अवकाश के चलते सभी आरोपियों को स्पेशल रिमांड मजिस्ट्रेट निवेदिता सिंह की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया। तीन दिन बाद आरोपियों को फिर अदालत में पेश किया जाएगा।
इस मामले में गुरुवार को अयोध्या कोतवाली में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई थी। मुकदमे में मंदिर व्यवस्था से जुड़े रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, ट्रस्ट कर्मचारी अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्र, अविनाश शुक्ल और सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव को नामजद किया गया है। सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मामले की विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष त्रिपाठी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की परतें खोली जाएंगी तथा यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में प्रत्येक आरोपी की भूमिका अलग-अलग स्तर पर सामने आई है। इनमें रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू की भूमिका विशेष रूप से जांच के दायरे में है। पुलिस अब यह भी पता लगाएगी कि आरोपियों को किस स्तर पर सहयोग मिला, गणनाकर्मियों की नियुक्ति किन सिफारिशों पर हुई और चढ़ावे की गणना एवं बैंकिंग प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों तथा कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी बनती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और कथित अनियमितताओं की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर दर्ज मुकदमे के बाद जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।
--आईएएनएस
विकेटी/डीएससी