राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर साक्षी महाराज का विपक्ष पर हमला, बोले-सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं
उन्नाव, 13 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस वे के उद्घाटन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की।
उन्होंने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आज की तारीख में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चहुमुंखी विकास के कार्य होते हुए दिख रहे हैं। आज हमारे उन्नाव में भी आपको तेज गति से विकास कार्य होते हुए दिख जाएंगे और इसका श्रेय मुख्य रूप से अगर किसी को जाता है, तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी हैं।
उनके मुताबिक, लखनऊ से कानपुर की दूरी जो डेढ घंटे की थी, वो आज के बाद 35 मिनट में होने वाली है। इससे देश को गति मिलेगी। इससे जनता को भी सहूलियत मिलेगी। इसके लिए देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगा कि जब से मैं उन्नाव का सांसद बना हूं, तब से लगातार इस क्षेत्र को सौगात ही सौगात मिल रही है।
भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने विपक्ष की ओर से चढ़ावा चोरी मामले में सवाल खड़ा करने पर भी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, विपक्ष के लिए मुनासिब रहेगा कि वो राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अपनी ओर से किसी भी प्रकार का पक्ष नहीं रखे, कोई बात न कहे और किसी भी प्रकार का सवाल न उठाए, क्योंकि इन लोगों को इसका कोई नैतिक हक नहीं है।
उन्होंने कहा कि खासकर समाजवादी पार्टी को बिल्कुल भी राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद में कोई सवाल उठाने का कोई हक नहीं है, क्योंकि सपा ने अपने शासनकाल में राम भक्तों पर गोली चलवाई थी। यहां तक कहा था कि अगर हमें और भी हिंदू मारने पड़ते, तो मारते और जब इन लोगों को खेद प्रकट करने के लिए कहा गया तो इन लोगों ने कहा कि हमें कोई खेद नहीं है और ना ही कभी होगा। चाहे कोई हमें मुलायम सिंह कहे या कोई मुल्ला मुलायम सिंह या मोहम्मद मुलायम सिंह कहे। रही बात कांग्रेस की तो इन लोगों ने 50 एडवोकेट सुप्रीम कोर्ट में राम मंदिर के निर्माण में रोड़ा अटकाने के लिए खड़े कर दिए, जो आज तक राम मंदिर के दर्शन करने नहीं गए। जिन लोगों ने राम भक्तों को काल्पनिक बताया था, ऐसे लोग जब राम मंदिर की बात करते होंगे, तो गिरगिट भी बोलता होगा कि शायद इन लोगों ने अपना रंग इसलिए बदला है, क्योंकि 2027 का चुनाव आ रहा है, लेकिन हिंदुस्तान की जनता सब जानती है। इस बार 2027 के चुनाव में 300 से हमारे विधायक चुनाव जीतने वाले हैं। लिहाजा अखिलेश और राहुल गांधी को मैं यही कहना चाहूंगा कि दिल बहलाने के लिए ख्याल अच्छा है गालिब, जीतेगी तो बीजेपी ही।
वहीं, साक्षी महाराज ने शिवपाल यादव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि आज की तारीख में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था नहीं है। लोकतंत्र नहीं है, अफसरशाही की वजह से लोगों के हितों पर कुठाराघात हो रहा है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि मेरा साक्षी महाराज को सुझाव रहेगा कि जरा अपना इतिहास जानना होगा, जब ये लोग नारा लगा रहे थे कि बंद दुकान तुम्हारी खुली दुकान हमारी। मीडिया वालों को भी छोड़ा जा रहा था। इन पर भी कब्जा जा रहा था और जब दुष्कर्म की घटनाएं सामने आती थीं, तब उस समय के सीएम कहा करते थे कि बच्चे हैं, गलती हो जाती है। आज की तारीख में राष्ट्रपति कहते हैं कि अगर ऐसे मामलों में 24 घंटे के अंदर कार्रवाई नहीं होगी, तो वहां के सीएम के खिलाफ 24 घंटे में कार्रवाई होगी। आखिर ऐसे कहां से लोकतंत्र की बात करते हैं। आज की तारीख में भारत में विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बीजेपी है। यहां पर जो कुछ भी होता है, लोकतांत्रिक तरीके से होता है।
इसके अलावा उन्होंने योग गुरू बाबा रामदेव के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि बेशक हमारे धर्म अलग हों, लेकिन हमारे पूर्वज एक ही थे, जिनका धर्म हिंदू था।
साक्षी ने महाराज ने कहा कि बाबा रामदेव मेरे मित्र हैं। परसों ही मैं उनके प्रतिष्ठान में था। उन्होंने जो कुछ भी कहा है, वो बिल्कुल अक्षरश: ठीक कहा है। सभी के पूर्वज एक ही हैं। हिंदू धर्म बहुत बड़ा है। आज की पाकिस्तान को ही देख लीजिए, वो हिंदुस्तान से ही निकला है, बांग्लादेश भी हमसे ही निकला है। कुल मिलाकर, बाबा राम देव ने जो कहा है, बिल्कुल ठीक कहा है, लेकिन मैं समझता हूं कि अगर इस बात को मुसलमान कहे, तो ज्यादा बेहतर रहेगा। कुछ मुसलमानों ने इस बात को कहना शुरू कर दिया है, जिनका मैं शुक्रिया अदा करना चाहूंगा। जिस इस देश का बंटवारा धर्म के आधार पर हुआ था, उसी दिन से यह देश हिंदू राष्ट्र बन चुका था।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी