रामगोपाल यादव ने चुनाव आयोग के तबादलों पर उठाए सवाल, बोले-यह अधिकार क्षेत्र से बाहर
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व सांसद रामगोपाल यादव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने अपनी जान का खतरा होने की आशंका जताई थी।
समाजवादी पार्टी के सांसद रामगोपाल यादव ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि ममता बनर्जी जो कुछ भी कह रही हैं, उसमें सच्चाई नजर आती है और मौजूदा हालात चिंताजनक हैं।
उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बड़े पैमाने पर मतदान अधिकारियों, स्टेशन प्रभारियों और अन्य चुनावी कर्मियों को बदला जा रहा है, वह सामान्य प्रक्रिया नहीं है। उनके मुताबिक, इस तरह के बदलाव चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र में नहीं आते, फिर भी यह सब हो रहा है, जो निष्पक्ष चुनाव पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि इन सभी परिस्थितियों के बावजूद ममता बनर्जी को हराना संभव नहीं होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल की जनता एक बार फिर ममता बनर्जी को भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापस लाएगी।
उन्होंने कहा कि वे दो-तिहाई बहुमत के साथ जीत हासिल करेंगी और सरकार बनाएंगी। पश्चिम बंगाल की जनता को पता है कि कौन सी पार्टी उनके लिए काम कर रही है। एनडीए सरकार ने देश का क्या हाल कर दिया है, यह बात किसी से छिपी नहीं है। इनका काम केवल जनता को गुमराह करना है और इस काम में एनडीए के नेता आगे हैं।
इसके अलावा, रामगोपाल यादव ने देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लोकतंत्र कमजोर हो रहा है और व्यवस्था राजशाही की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है, जहां सत्ता में बैठे व्यक्ति को जवाबदेह नहीं माना जाता। देश का हाल खराब होता जा रहा है। इसके बाद भी सरकार जनता के हित में कोई काम नहीं कर रही है।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर बोलते हुए रामगोपाल यादव ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि 2026 तक ट्रंप राजनीति में सक्रिय नहीं रहेंगे और उन्हें हटा दिया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम