रैली के बाद पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से जाना चुनावी मिजाज, एयरपोर्ट पर भी दिखे एक्टिव
कूचबिहार, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। कूचबिहार से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश की महिलाओं और युवाओं के चुनावी मिजाज को समझने की कोशिश की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई बातचीत का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कूचबिहार से रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर ही कार्यकर्ताओं से कुछ देर के लिए मुलाकात की।
वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी कार्यकर्ताओं से पूछ रहे हैं कि महिलाएं हमें वोट देंगी, जवाब में कार्यकर्ताओं ने हां कहा। इसके बाद पीएम मोदी ने युवाओं को लेकर पूछा, तो कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवा भी हमें वोट देंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि चलिए, जीत जाइए पक्का।
प्रधानमंत्री मोदी का यह वीडियो सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर वायरल है। प्रधानमंत्री मोदी अक्सर युवाओं और कार्यकर्ताओं से विभिन्न विषयों पर चर्चा करते दिखते हैं। अब चुनाव के बीच जिस तरह से उन्होंने एयरपोर्ट पर भी भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत की, इससे भाजपा समर्थकों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
कूचबिहार में विशाल जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मालदा में सात अधिकारियों को बंधक बनाए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। पूरे देश ने देखा और हैरान रह गया कि किस तरह बंधक बनाया गया। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस शासन में अधिकारी भी सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि बंगाल की स्थिति इतनी चिंताजनक है कि सुप्रीम कोर्ट ने भी राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। बंगाल के सीमावर्ती जिलों में घुसपैठियों की वजह से जनसंख्या संरचना बदल गई है। ये घुसपैठिए भारत में प्रवेश कर तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में रहते हैं। यही कारण है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम