☰
×

रक्षा उत्पादन से लेकर रोजगार तक, कुशल युवाओं की बढ़ेगी भूमिका : राजनाथ सिंह

 

लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों और आधुनिक तकनीक के दौर में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कुशल मानव संसाधन सबसे बड़ी जरूरत है। विशेष रूप से रक्षा उत्पादन और सैन्य तकनीक के क्षेत्र में देश की बढ़ती क्षमताओं को मजबूती देने के लिए प्रशिक्षित कामगारों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार इसी लक्ष्य के साथ कौशल विकास को प्राथमिकता दे रही है। राजनाथ सिंह शनिवार को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों से जुड़े 52 उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। सम्मानित होने वालों में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), नेशनल डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग से जुड़े प्रशिक्षक शामिल रहे। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह पहला अवसर है, जब राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन दिल्ली के बाहर लखनऊ में किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के लिए यह गौरव का विषय है। उन्होंने इस आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में कौशल विकास की अहमियत को समय रहते समझा। इसी सोच के तहत पिछले 12 वर्षों में इस क्षेत्र में व्यापक विस्तार हुआ है। वर्ष 2014 में देश में करीब 9,800 आईटीआई थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 14 हजार से अधिक हो चुकी है। हालांकि, इस बदलाव का महत्व केवल संस्थानों की बढ़ती संख्या तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे युवाओं के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर भी तैयार हुए हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत रक्षा उपकरणों और सैन्य तकनीक के निर्माण में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार रक्षा उत्पादन में स्वदेशीकरण को प्रोत्साहित कर रही है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए ऐसे युवाओं की जरूरत होगी, जिन्हें आधुनिक तकनीक और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण मिला हो। कौशल विकास से जुड़ी योजनाएं इस दिशा में आधार तैयार कर रही हैं। तकनीक और रोजगार के बदलते स्वरूप का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब शिक्षा का अर्थ केवल पढ़ना-लिखना सीख लेना नहीं रह गया है। वास्तविक चुनौती लगातार नई चीजें सीखने, अप्रासंगिक हो चुकी जानकारियों को छोड़ने और समय के अनुसार खुद को दोबारा प्रशिक्षित करने की क्षमता विकसित करना है। उद्योग, तकनीक और कार्यप्रणाली में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में युवाओं को अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाते रहना होगा।

रक्षा मंत्री ने ज्ञान और हुनर के बीच के संबंध को स्पष्ट करते हुए कहा कि ज्ञान व्यक्ति की समझ विकसित करता है, जबकि कौशल उसे उस ज्ञान को व्यवहार में उतारने की क्षमता देता है। दोनों का समन्वय ही व्यक्ति को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाता है।

उन्होंने कहा कि अब तक दीक्षांत समारोहों की पहचान मुख्य रूप से विश्वविद्यालयों और पारंपरिक उच्च शिक्षा की डिग्रियों से जुड़ी रही है, लेकिन राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह ने इस धारणा को व्यापक बनाया है। व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल आधारित शिक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यह औपचारिक शिक्षा का विकल्प नहीं, बल्कि उसे व्यावहारिक मजबूती देने वाला माध्यम है।

--आईएएनएस

विकेटी/एमएस