×

रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को झारखंड में टैक्स फ्री करने की मांग उठाई

 

नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। कम लागत में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। बड़ी-बड़ी फिल्मों के बीच भी इसे दर्शकों से भरपूर प्यार मिल रहा है। इस फिल्म को अब राज्यों में टैक्स फ्री करने की मांग उठने लगी है।

रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और भगवान हनुमान के प्रति श्रद्धा को आधुनिक संदर्भ में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। फिल्म का कथानक महान संत एवं हनुमान भक्त नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आदर्शों पर आधारित है। झारखंड की जनता में भी नीम करौली बाबा के प्रति गहरी श्रद्धा है तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए कैंची धाम जाते हैं। फिल्म में सत्य, साहस और धर्म के प्रति निष्ठा जैसे सनातन मूल्यों को दर्शाया गया है। युवा पीढ़ी के चरित्र निर्माण में इस तरह की फिल्म अत्यंत सहायक हैं। यह एक संपूर्ण पारिवारिक फिल्म है, जो समाज में सांस्कृतिक जुड़ाव को बढ़ावा देता है।

सीएम सोरेन को लिखे पत्र में संजय सेठ ने कहा कि इस फिल्म के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए झारखंड में इस फिल्म को कर-मुक्त किया जाना आवश्यक प्रतीत होता है, ताकि सभी वर्गों के लोग इसे देख सकें और आध्यात्मिकता को आत्मसात कर सकें। इससे जनता को अपने समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। इस प्रकार के छायाचित्र समाज में बेहतर बदलाव के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस फिल्म को उत्तराखंड सरकार ने टैक्स फ्री कर दिया है। हाल ही में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म देखी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देहरादून में महाराज के जीवन, साधना और हनुमान भक्ति पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' का अवलोकन किया। फिल्म के माध्यम से महाराज के तप, त्याग, सेवा और हनुमान जी के प्रति उनकी अटूट आस्था को जानने और समझने का अवसर मिला। उनका संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, आध्यात्मिक साधना और लोककल्याण के लिए समर्पित रहा।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम