☰
×

राज्यसभा सांसद ने पीएम मोदी के 25 साल के सियासी सफर को बताया सुशासन का मॉडल

 

नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में जश्न का माहौल है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने इसे देश के लोकतांत्रिक इतिहास का अहम अध्याय करार दिया। वहीं, उत्तर प्रदेश के मंत्री मनोज पांडे ने विपक्ष को पीएम मोदी से सीखने की नसीहत दी।

राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के बतौर सीएम और पीएम 25 साल पूरे हुए हैं, उसके लिए उन्हें बधाई। पूरे देशवासियों को बधाई कि उन्होंने पीएम मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में चुना। हम सब जानते हैं कि उनकी जिंदगी किस बारे में रही है और वे उस मकसद को कैसे पूरा कर रहे हैं, सेवा से आगे बढ़ना, सुशासन ताकि देश के सभी 140 करोड़ लोगों को सुशासन मिले, और विकास हो, क्योंकि हर कोई विकास चाहता है।"

उन्होंने आगे कहा कि ये जो तीनों चीजों का संगम है, जो पीएम मोदी के नेतृत्व में देश को मिल रहा है, वो अद्वितीय है। 2047 में हम विकसित भारत बनने की ओर अग्रसर हैं, उनका नेतृत्व देश के लिए और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाता है। वहीं, वह एक ऐसा इंसान हैं, जो छोटी-छोटी बातों और दलगत राजनीति से हटकर ऐसा सोचते हैं कि सेवा के माध्यम से विकास और सुशासन के माध्यम से विकास।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि मैं भाग्यशाली हूं कि इंडिया गेट पर इस संबंध में एक कार्यक्रम कर रहे हैं, जिसमें हम विकास और सुशासन पर तो बात करेंगे ही। इसके अलावा, हिन्दुस्तान के सभी धर्म एक साथ इकट्ठा होकर पीएम मोदी को शुभकामना देंगे और देश के विकास पर जोर देंगे।

उन्होंने एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जब मैं विकसित भारत की बात करूं तो इन दो शब्दों में हर चीजें समा जाती हैं। चाहे वो उद्योग का विकास हो, सामाजिक न्याय, कानून व्यवस्था की स्थिति, कृषि, अर्थव्यवस्था और अलग-अलग क्षेत्रों का विकास हो, विकसित भारत में सब कुछ आ जाता है। इसके बाद भारत की जो विदेश नीति है, जिसकी पूरी दुनिया लोहा मानती है, पूरी दुनिया की सुरक्षा का सवाल आता है, तो उसमें एक बात बिल्कुल स्पष्ट है कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए दुनिया में किसी से भी समझौता नहीं करेगा।

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश में योगी कैबिनेट के मंत्री मनोज पांडे ने 'सेवा ज्योति यात्रा' प्रोग्राम को लेकर कहा कि हमारी पार्टी एक प्रोग्राम कर रही है, लेकिन यह भारत के 130 करोड़ लोगों के लिए गर्व की बात है। यह एक अध्याय है, इतिहास का एक हिस्सा है और एक मिसाल है जिसमें हमारे प्रधानमंत्री की 25 साल की पब्लिक सर्विस देश के हर व्यक्ति के लिए सेवा और समर्पण के क्षेत्र में मिसाल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो सेवा की है, पहले गुजरात जैसे राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर, और फिर पूरे देश के लिए, वह कुछ ऐसा है जिसे भारत कभी नहीं भूल सकता।

यूपी के मंत्री ने कहा कि आज विपक्ष को भारत के प्रधानमंत्री से सीखना चाहिए। क्या उन्हें अपने 55 साल के राज या जिन राज्यों में उन्होंने राज किया, उन पर शर्म नहीं आती? उन्हें देखना चाहिए कि कैसा इंसान एक सुपरह्यूमन फिगर के तौर पर उभरा है, एक ऐसा इंसान जिसका अपना कुछ नहीं है, जिसके लिए देश ही सब कुछ है, और देश में रहने वाले लोग ही सब कुछ हैं। भारत की खुशहाली, भारत की खुशी, और भारत की ताकत ही उनकी जिंदगी का फलसफा है।

--आईएएनएस

केके/डीकेपी