राजीव रंजन का राहुल गांधी पर तंज, कहा-दूसरों के कहने पर राहुल ले रहे गलत फैसले
पटना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। जदयू के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हमेशा गलत फैसले लेते आ रहे हैं और कांग्रेस खतरे में पड़ती जा रही है।
जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी को नसीहत देने वाले लोग गलत हैं, इसीलिए उनको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहुल गांधी कभी कोई फैसला खुद से नहीं लेते हैं, इसीलिए वह परेशान रहते हैं। उनको फैसला खुद से लेना चाहिए, जिससे वह सही बोल सकें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आजादी में अहम रोल रहा है, इसलिए किसी एक की गलती से कांग्रेस इतिहास में दर्ज होने वाली पार्टी न बन जाए। इसके लिए राहुल को सोचना चाहिए और इस पर काम करना चाहिए न कि केवल दूसरों के कहने पर निर्भर रहना चाहिए। अगर वह सचेत नहीं हुए तो इससे उनको ही परेशानी हो सकती है।
नक्सलवाद पर राजीव रंजन ने कहा कि यह बहुत बड़ी उपलब्धि है कि आज ये खत्म हो रहे हैं, जिससे वहां रहने वाले लोगों को काफी फायदा पहुंचने वाला है। पहले जहां नक्सलवादी अपनी अदालत लगाते थे, लोगों की समस्याएं सुनकर अपने मन से फैसला दे देते थे और लोगों को परेशान करते थे, इन सब चीजों से देश को छुटकारा मिल रहा है। यह देश के लिए बहुत अच्छा है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए जदयू प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि जिस तरह से बंगाल का हाल बेहाल है, वह किसी से छिपा नहीं है। आज देश में सबको पता है कि पश्चिम बंगाल में क्या हो रहा है। ममता सरकार जिस तरह से काम कर रही है, वह सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में एनडीए की सरकार बनने जा रही है, जनता ममता सरकार से परेशान है इसीलिए उन्हें सत्ता से बाहर करने की तैयारी कर चुकी है। इस बारे में टीएमसी सरकार को भी पता चल गया है, इसीलिए वह कुछ न कुछ बयान देकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है। हालांकि टीएमसी को भी पता है कि इससे कुछ होने वाला नहीं है।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम