राजगीर: शक्ति संवाद कार्यक्रम में राज्य महिला आयोगों के लिए एनसीडब्ल्यू ने तय किया कार्ययोजना का रोडमैप
राजगीर (नालंदा), 28 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) के दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम 'शक्ति संवाद' का पांचवां संस्करण बिहार के राजगीर स्थित होटल तथागत में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 21 राज्यों के महिला आयोगों के 109 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान महिला सुरक्षा, संरक्षण, सशक्तिकरण और संस्थागत मजबूती से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर, सदस्य निवेदिता सुब्रमणियन, अर्चना मिश्रा और सदस्य सचिव सुदीप जैन भी मौजूद रहे।
दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान राज्य महिला आयोगों की भूमिका को और मजबूत बनाने, उनके सफल प्रयासों को साझा करने, कामकाज में आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करने और महिलाओं के हित में चल रही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए साझा रणनीति तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया।
विभिन्न सत्रों में राज्य महिला आयोगों ने शिकायत निवारण तंत्र, जमीनी स्तर पर समन्वय, जनजागरूकता कार्यक्रम, संस्थागत नवाचार, डिजिटल व्यवस्था, कानूनी हस्तक्षेप और साझेदारी से जुड़े अपने अनुभव और सफल मॉडल प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में लिव-इन रिलेशनशिप पर न्यायिक दृष्टिकोण विषय पर एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलुओं और न्यायालयों के विभिन्न निर्णयों पर चर्चा की गई।
इसके अलावा, महिला कैदियों से संबंधित एनसीडब्ल्यू की सिफारिशों, मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों और कानून से संघर्षरत बच्चों (सीसीएल) से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष विजया रहाटकर ने अगले ‘शक्ति संवाद’ से पहले राज्य महिला आयोगों को कई प्राथमिक कार्य पूरे करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में वेबसाइट, मोबाइल एप्लीकेशन और हेल्पलाइन से जुड़े एनसीडब्ल्यू समर्थित सभी लंबित कार्यक्रमों को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाए।
राज्य महिला आयोगों से अपने-अपने राज्यों के विशेष कानूनों की व्यापक समीक्षा कर ठोस और शोध आधारित सुझाव राज्य सरकारों को सौंपने तथा उनके क्रियान्वयन की लगातार निगरानी करने को कहा गया।
महिलाओं से जुड़े प्रमुख सामाजिक और कानूनी मुद्दों पर स्वतंत्र शोध को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया, ताकि तथ्यों पर आधारित नीतियां बनाई जा सकें।
आयोगों को ऐसी सामाजिक कुप्रथाओं की पहचान और दस्तावेजीकरण करने के निर्देश दिए गए, जो महिलाओं के शोषण को बढ़ावा देती हैं। इससे इनके उन्मूलन के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी।
विजया रहाटकर ने घरेलू हिंसा के मामलों में सुरक्षा अधिकारियों (प्रोटेक्शन ऑफिसर्स) की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी बढ़ाई जानी चाहिए।
उन्होंने प्रोटेक्शन ऑफिसर्स, काउंसलरों और वन स्टॉप सेंटर के अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने, बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर करने और नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया।
एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए राज्यों में जागरूकता अभियान तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने राज्य महिला आयोगों से राज्य सरकारों और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने की अपील की, खासकर उन राज्यों में जहां बाल विवाह अब भी एक गंभीर समस्या है।
कार्यक्रम के दौरान सभी राज्य महिला आयोगों के प्रतिनिधियों ने एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष के नेतृत्व में बाल विवाह रोकने और इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया।
दो दिवसीय शक्ति संवाद कार्यक्रम का समापन महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए संस्थागत समन्वय को मजबूत करने तथा ठोस और प्रभावी कदम उठाने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम ने राष्ट्रीय और राज्य महिला आयोगों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता को रेखांकित किया, ताकि चर्चा को जमीनी स्तर पर परिणामों में बदला जा सके।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी