राजस्थान: 'वात्रक एनीकट' में नहाने गए चार बच्चों की डूबने से मौत, परिवार में पसरा मातम
डूंगरपुर, 12 जुलाई (आईएएनएस)। राजस्थान के डूंगरपुर जिले से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां धम्बोला थाना क्षेत्र के बड़ी गांव स्थित वात्रक एनीकट में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया।
एनीकट में नहाने गए छह बच्चे गहरे पानी में चले गए, जिनमें से चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में तीन सगे भाई-बहन तथा उनकी फुफेरी बहन शामिल है। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिन्हें उपचार के लिए सीमलवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे बड़ी गांव निवासी छह बच्चे एनीकट में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान चलाया और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि चार बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई।
हादसे में बाबूसिंह डामोर की बड़ी बेटी हिना (24), पुत्र प्रतीक (20) और छोटी बेटी इशिता (15) की मौके पर ही मौत हो गई। इनके साथ नहाने गई फुफेरी बहन रौनक (20), पुत्री गौतम भाई परमार निवासी पालनपुर की भी डूबने से जान चली गई।
घटना में घायल राजवीर पुत्र कोहरा डामोर तथा जयसिंह पुत्र सुरेश डामोर को ग्रामीणों ने समय रहते बाहर निकालकर सीमलवाड़ा अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही धम्बोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर सीमलवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत से बड़ी गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है।
--आईएएनएस
एमएस/