राजस्थान: सवाई माधोपुर में मार्क से सामने पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
सवाई माधोपुर, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान के सवाई माधोपुर में पेड़ पर एक युवक का लटका हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। प्रथम दृष्टता पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
यह मामला सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के अंतर्गत आने वाले मानटाउन थाने के बजरिया क्षेत्र का है। बताया गया कि गांधी पार्क के सामने एक युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ था। मृतक की शिनाख्त बागरिया बस्ती, गुलाब बाग निवासी कन्हैया बागरिया के रूप में हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति ने टेलीफोन के जरिए सूचना दी थी कि गांधी पार्क के सामने नीम के पेड़ पर एक युवक का शव फंदे पर लटक रहा है। सूचना पर मानटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए।
सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
फिलहाल, यह पता नहीं लग पाया है कि युवक ने आत्महत्या की है या इसकी हत्या हुई है। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस टीम इस मामले की जांच में जुटी है।
इससे पहले, सिरोही जिले के शिवगंज क्षेत्र स्थित कब्बेश्वर महादेव मंदिर के संत त्रिवेणी गिरी महाराज की हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते संत की हत्या की गई थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों श्रवण कुमार और तोलाराम उर्फ तुलसी गिरी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच के अनुसार, संत त्रिवेणी गिरी महाराज और कोलीवाड़ा के तुलसी गिरी महाराज के बीच श्रावण माह में कब्बेश्वर महादेव मंदिर में गुरु के पोस्टर लगाने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नागा बाबा होने को लेकर भी विवाद हुआ। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश को लेकर आरोपी तुलसी गिरी ने बदला लेने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने बताया आरोपी तुलसी गिरी मोटरसाइकिल से सुमेरपुर पहुंचा और श्रवण कुमार व उसके साथी को अंदरूनी रास्तों से ले जाकर कानाकोलर गेट से पहले छोड़ दिया। इसके बाद दोनों पैदल कब्बेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। आरोप है कि रात के समय आश्रम में सो रहे संत त्रिवेणी गिरी महाराज की हत्या कर दी गई।
--आईएएनएस
डीसीएच/