×

राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा की जीत पीएम मोदी के विकास मॉडल का नतीजा: श्रीकांत भारतीय

 

मुंबई, 15 सितंबर (आईएएनएस)। राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा की बढ़त, ब्रिक्स सम्मेलन, मराठा आरक्षण आंदोलन, दिशा सालियान मामले में सीबीआई की ओर से एफआईआर दर्ज किए जाने और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर भाजपा एमएलसी श्रीकांत भारतीय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने राजस्थान में भाजपा की जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व का परिणाम बताया। वहीं, मराठा आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने मनोज जरांगे पाटिल से सरकार के साथ संवाद जारी रखने की अपील की।

राजस्थान निकाय चुनाव के परिणामों पर श्रीकांत भारतीय ने कहा कि कोटा महानगर की चुनावी जिम्मेदारी उनके पास थी और महाराष्ट्र से भाजपा के 42 कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि पूरे राजस्थान में भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में विकास की गति बढ़ी है। कोटा में भाजपा की जीत का श्रेय उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व और क्षेत्र में किए गए कार्यों को भी दिया। श्रीकांत भारतीय ने कहा कि राजस्थान में दिखाई दे रहा चुनावी परिणाम प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों और राज्य में तेज हुई विकास की गति का प्रतिबिंब है।

ब्रिक्स सम्मेलन पर उन्होंने कहा कि इस आयोजन से वैश्विक स्तर पर ब्रिक्स की पहचान और विजिबिलिटी मजबूत हुई है। दुनिया की करीब 40 फीसदी जीडीपी का प्रतिनिधित्व ब्रिक्स से जुड़े देशों के माध्यम से होता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में आयोजित सम्मेलन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की भूमिका और महत्व भी बढ़ा है। श्रीकांत भारतीय ने विशेष रूप से आतंकवाद के मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि पहलगाम घटना के संदर्भ में ब्रिक्स देशों की ओर से आतंकवाद की निंदा एक महत्वपूर्ण संदेश है। चीन, रूस और ब्राजील समेत अन्य देशों का आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ खड़ा होना सीमा पार आतंकवाद को लेकर एक महत्वपूर्ण संकेत है।

ब्रिक्स सम्मेलन में भोजन को लेकर उठे विवाद और राहुल गांधी की टिप्पणी पर श्रीकांत भारतीय ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान किसे क्या भोजन परोसा गया, इसे राजनीतिक मुद्दा बनाना उचित नहीं है। शाकाहारी और मांसाहारी, दोनों तरह का भोजन करने वालों को एक-दूसरे की खान-पान की संस्कृति का सम्मान करना चाहिए। ब्रिक्स सम्मेलन की उपलब्धियों पर चर्चा होने के बजाय भोजन को मुद्दा बनाया जा रहा है, जो विपक्ष की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़ा करता है।

मनोज जरांगे पाटिल के मराठा आरक्षण आंदोलन और मुंबई में प्रस्तावित धरने को लेकर श्रीकांत भारतीय ने कहा कि भाजपा और देवेंद्र फडणवीस सरकार ने मराठा समाज के लिए काफी काम किया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का मराठा समाज और युवा सरकार के प्रयासों से परिचित हैं। सरकार की नीति हमेशा संवाद की रही है और जरांगे पाटिल जब भी आंदोलन या अनशन पर बैठे, सरकार की ओर से बातचीत की कोशिश की गई। उन्होंने अपील की कि आगे भी संवाद के माध्यम से ही समाधान तलाशा जाना चाहिए।

दिशा सालियान मामले को लेकर सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि मामला दोबारा चर्चा में आया है और उन्हें भरोसा है कि सच्चाई न्यायालय के माध्यम से सामने आएगी। भारत की न्याय व्यवस्था पर मेरा पूरा विश्वास है। महाराष्ट्र सरकार के गृह विभाग को सक्षम बताते हुए उन्होंने कहा कि मामले की जांच होगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

समान नागरिक संहिता को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान का समर्थन करते हुए श्रीकांत भारतीय ने कहा कि यूसीसी समाज और आम जनता की मांग है। भाजपा ने पिछले कई चुनावों में कॉमन सिविल कोड को अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल किया और जनता ने पार्टी को समर्थन दिया। यूसीसी का उद्देश्य समाज को अधिक व्यवस्थित और मजबूत बनाना है।

--आईएएनएस

पीएसके