राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की तबीयत बिगड़ी, जोधपुर में डॉक्टरों की निगरानी में
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की तबीयत अचानक बिगड़ने से प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई है। गुरुवार को जोधपुर स्थित एमबीएम इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी में आयोजित दीक्षांत समारोह (थर्ड कन्वोकेशन) में शामिल होने के बाद लौटते ही उन्होंने अस्वस्थता महसूस की।
जानकारी के अनुसार, राज्यपाल को उल्टी और घबराहट की शिकायत हुई, जिसके बाद तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। फिलहाल वे जोधपुर सर्किट हाउस में मौजूद हैं, जहां डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टरों की टीम ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हालांकि अभी उनकी तबीयत को लेकर आधिकारिक रूप से विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
राज्यपाल के अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय प्रशासन भी सतर्क हो गया है। सर्किट हाउस के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
फिलहाल राज्यपाल की हालत पर नजर रखी जा रही है और डॉक्टरों की टीम आगे के इलाज को लेकर निर्णय लेगी। प्रशासन की ओर से लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की गई है।