☰
×

राजस्थान : बारां में अटरू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 277 किलो डोडा चूरा और अवैध हथियार बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

 

बारां, 2 नवंबर (आईएएनएस)। राजस्थान के बारां जिले में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाइयां की है। अटरू पुलिस ने दो दिनों में तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के कब्जे से कुल 277 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा, एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई 30 अक्टूबर को की गई थी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी शिवराज गुर्जर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया था। मौके से मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया था।

दूसरी और तीसरी कार्रवाई 1 नवंबर को हुई। पुलिस ने आरोपी पुखराज बिश्नोई को पकड़ा और उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए।

आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली सूचना के आधार पर उसी रात पुलिस ने अटरू थाना क्षेत्र के अरड़ान गांव के तालाब के पास खड़ी एक संदिग्ध कार की तलाशी ली। कार से 262 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया।

इस प्रकार अटरू पुलिस ने कुल तीन कार्रवाई में 277 किलो 800 ग्राम डोडा चूरा, एक पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों शिवराज गुर्जर और पुखराज बिश्नोई के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बारां जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अटरू पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि यह डोडा चूरा कहां से लाया गया था और कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और नाम सामने आ सकते हैं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आमजन से भी अपील की गई है कि अगर उन्हें कहीं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना मिलती है तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम