राजा रघुवंशी केस : परिवार को न्याय की उम्मीद, कहा- 'सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा'
इंदौर, 3 जुलाई (आईएएनएस)। राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में शुक्रवार को एक नया घटनाक्रम सामने आया है। आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द करने की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद राजा रघुवंशी के परिवार ने न्याय मिलने की उम्मीद जताई है। परिवार ने मामले की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की है और कहा है कि यदि सोनम रघुवंशी जमानत पर बाहर रहती हैं तो वह गवाहों को प्रभावित कर सकती हैं और सबूतों के साथ छेड़छाड़ कर सकती है।
राजा रघुवंशी की मां ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सुप्रीम कोर्ट से उनके पक्ष में फैसला आएगा और उनके बेटे को न्याय मिलेगा। मेरे बेटे का कोई कसूर नहीं था, उसकी कोई गलती नहीं थी। मैं मेघालय सरकार से भी निवेदन करना चाहती हूं कि जो भी जांच हुई है, उसे दोबारा पूरी बारीकी से किया जाए। एक मां का विश्वास कभी नहीं टूट सकता। जब मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है तो वहां हर पहलू की बारीकी से जांच होगी। सोनम के खिलाफ इतने सारे सबूत हैं। राजा का कोई कसूर नहीं था। वहां की पुलिस के पास जो भी सबूत हैं, वे सभी सुप्रीम कोर्ट के सामने जाएंगे और पूरा सच सामने आएगा। हमें पूरा विश्वास है कि फैसला हमारे पक्ष में आएगा।
सोनम रघुवंशी द्वारा हत्या किए जाने के कारण पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि एक मां भी कब से यही पूछ रही है कि सोनम ने हत्या क्यों की। इसका कारण भी सामने आएगा। सुप्रीम कोर्ट में मामला पहुंचा है तो वहां यह भी पता चलेगा कि हत्या क्यों की गई और राजा का कसूर क्या था। मेरे बेटे को न्याय जरूर मिलेगा। हमें कोर्ट के फैसले पर पूरा भरोसा है।
राजा रघुवंशी के रिश्तेदार सचिन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा अगली तारीख दिए जाने से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है। हमें सुप्रीम कोर्ट से पूरी उम्मीद है कि न्याय मिलेगा। इतना चर्चित मामला होने के बाद भी यदि न्याय नहीं मिला तो गलत संदेश जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने फाइलें मंगवाई हैं और अगली तारीख दी है। हमें उम्मीद है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद सोनम की जमानत रद्द कर दी जाएगी।
एक अन्य रिश्तेदार ने भी सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अदालत ऐसा फैसला सुनाएगी जिससे राजा रघुवंशी को न्याय मिल सके। सुप्रीम कोर्ट और मेघालय सरकार दोनों यही चाहेंगे कि सोनम रघुवंशी लंबे समय तक जमानत पर बाहर न रहे। यदि वह बाहर रहती हैं तो सबूतों को नष्ट कर सकती हैं, गवाहों को डरा सकती हैं और देश छोड़कर भागने की भी आशंका है। इसलिए सरकार भी चाहेगी कि वह जल्द से जल्द जेल जाए। जो लड़की हत्या के बाद शिलॉन्ग से इंदौर आ सकती है, वह कुछ भी कर सकती है। उसके मन में किसी तरह का डर नहीं है।
रिश्तेदार ने आगे कहा कि सोनम रघुवंशी की जमानत होने के दो से ढाई महीने बाद केतन की हत्या उसकी मंगेतर सिया ने की। कहीं न कहीं सोनम रघुवंशी के मामले को देखकर ही सिया के मन में भी ऐसा कदम उठाने का विचार आया। हमें लगता है कि ऐसे मामलों से समाज में गलत संदेश जा रहा है और लड़कियों के हौसले बढ़ रहे हैं।
--आईएएनएस
पीएसके