देश के कई राज्यों में बारिश का कहर, वीडियो में देंखे प्रयागराज में 5 फीट तक पानी भरा; वाराणसी घाटों पर गंगा का जलस्तर बढ़ा
देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। लोगों को आवागमन से लेकर रोजमर्रा के कामों तक में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई। बारिश के बाद कई जगहों पर पानी भर गया। दिल्ली एयरपोर्ट रोड पर द्वारका अंडरपास समेत कई इलाकों में जलभराव देखने को मिला, जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी जमा होने से यातायात की रफ्तार भी धीमी हो गई।
प्रयागराज में बारिश से हालात बिगड़े
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पिछले चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बीते तीन दिनों में शहर में करीब 205 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई जगहों पर पानी का स्तर 5 फीट तक पहुंच गया है।
घरों और हॉस्टलों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात बिगड़ने के बाद बुधवार को करीब 2000 छात्र हॉस्टल छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। प्रशासन की ओर से जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 9 जिलों में आज भी रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
वाराणसी में गंगा उफान पर
वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गंगा किनारे स्थित 100 से ज्यादा मंदिरों में पानी प्रवेश कर चुका है। हरिश्चंद्र घाट पर गलियों और सीढ़ियों तक पानी पहुंच गया है, जबकि मणिकर्णिका घाट पर भी जलस्तर बढ़ने के कारण अंतिम संस्कार छत पर किए जा रहे हैं।
घाटों पर काम करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को बढ़ते जलस्तर के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश में भी बाढ़ जैसे हालात
मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सतना जिले में तेज बारिश के बाद चित्रकूट की प्रसिद्ध गुप्तगोदावरी में जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।
वहीं, डिंडौरी जिले में नदी और नाले उफान पर हैं। पानी भरने के कारण 12 से ज्यादा गांवों का संपर्क टूट गया है। ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पन्ना जिले के कई गांवों में भी बारिश का पानी घुस गया है, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें अलर्ट पर हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों की तैयारी की जा रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।