राहुल गांधी विदेशों में भारत को ठेस पहुंचाते हैं : अग्निमित्रा पॉल
कोलकाता, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के जर्मनी दौरे के दौरान भारत में मैन्युफैक्चरिंग को लेकर उनके एक बयान पर भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि वे विदेशों में जाकर भारत को ठेस पहुंचाते हैं।
भाजपा नेता का यह बयान उस वक्त आया है, जब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी जर्मनी दौरे पर हैं। उन्होंने एक निजी ऑटोमोबाइल कंपनी के मुख्यालय का दौरा किया।
कोलकाता में आईएएनएस से बातचीत के दौरान भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि राहुल गांधी विदेश जा सकते हैं, गाड़ी का प्रमोशन भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारतीय हैं और जब भी वे विदेश जाते हैं तो भारत को बदनाम करते हैं।
जनता के जनादेश का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि भारत के मतदाता जिस सरकार को चुनते हैं, वे उसे नीचा दिखाने की कोशिश में लगे रहते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भ्रष्टाचार पर बात नहीं कर सकते, क्योंकि उनकी सरकार में 2जी से लेकर न जाने कितने घोटाले किए गए। यह घोटाले पंडित नेहरू के टाइम से चले आ रहे थे। उन्होंने कहा कि वे कौन होते हैं जो संविधान पर बात करें? उनकी सरकार के दौरान आपातकाल लगाकर संविधान को तार-तार किया गया था। संविधान की कॉपी साथ में रखने से कोई संविधान को नहीं समझ सकता है। उन्होंने भारत के संवैधानिक अधिकारों को खंडित करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, यह अपने आप में बहुत बड़ा पद है। वे जनता के मुद्दों को सदन में उठा सकते हैं। लेकिन, उन्हें तो विदेश यात्रा पर जाना है। इसी तरह की हरकतों से राहुल गांधी के लिए जनता का सम्मान और विश्वास खत्म हो गया है।
उन्होंने कहा कि विदेशों का सम्मान और ध्यान पाने के लिए बाहर जाते हैं और देश को नीचा दिखाते हैं। हमारे लिए यह शर्मिंदगी की बात है और हमारा एलओपी बार-बार जब विदेश जाते हैं, भारत की बदनामी करते हैं, वे कुछ दिन पहले कोलंबिया, मलेशिया, इटली, आज जर्मनी गए हैं। यह बहुत ही निंदनीय है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम