☰
×

राहुल गांधी विदेश में सोच-समझकर बोलते हैं, भाजपा की उन पर टिप्पणी करना आदत है : क्लाइड क्रैस्टो

 

मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। विदेशी जमीन पर राहुल गांधी के बयान और लोवी एशिया पावर इंडेक्स में भारत की धमक को लेकर एनसीपी (एसपी) प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश में सोच-समझकर और देश की परिस्थिति जानकर बात करते हैं, वहीं भाजपा को आदत हो गई है कि उनके हर बयान पर टिप्पणी करके उन्हें गलत साबित किया जाए। दुनिया में भारत का नाम ऊंचा होना गर्व की बात है, लेकिन उसका फायदा देश की जनता और किसानों को भी मिलना चाहिए।

क्रैस्टो ने कहा, "राहुल गांधी जब विदेश जाते हैं, तो सोच-समझकर सबकुछ जानकर बातें करते हैं। देश की परिस्थिति क्या है, देश में क्या हो रहा है, ये सब जानकर बात करते हैं। अगर हम देखें तो भाजपा के नेता भी विदेश जाते हैं और कहते हैं कि एक समय में भारत में ऐसा हो रहा था, तो अगर वही मापदंड लगाए जाएं, तो वो भी गलत कह रहे हैं। भाजपा की आदत हो गई है कि राहुल गांधी जब विदेश जा रहे हैं, तो उस पर टिप्पणी करना और उन्हें गलत साबित करना। देश में क्या हो रहा है, ये पूरा विश्व देख रहा है। दुनिया को पता है कि भारत में क्या हो रहा है।"

लोवी एशिया पावर इंडेक्स की रिपोर्ट को लेकर एनसीपी (एसपी) प्रवक्ता ने कहा कि भारत की तारीफ बहुत अच्छी बात है। भारत का नाम ऊंचा हो रहा है और हमें इस बात पर गर्व है। लेकिन ऐसी जगहों पर जब हमारा नाम होता है, तो इससे देश के लोगों को क्या फायदा होता है, ये सवाल है। अगर हम सिर्फ ऐसे ही बढ़ते रहें, लेकिन देश के लोगों को इससे कोई फायदा न हो, तो फिर इसका कोई मतलब नहीं है। देश की जनता और किसानों को क्या सहायता देनी चाहिए, उन्हें क्या मुआवजा मिलना चाहिए, इस पर सरकार को ध्यान देना चाहिए। विश्वभर में नाम होता है, बहुत अच्छी बात है, लेकिन उसका फायदा देश के नागरिकों को भी हो, ये महत्वपूर्ण है।

राजस्थान में पंचायत चुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद पूर्व सीएम अशोक गहलोत के बयान पर उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस ने जो जीत हासिल की है, वो ये दर्शाता है कि भाजपा का इस देश में क्या स्थान है। लोग अब समझने लगे हैं कि भाजपा उनके फायदे के लिए नहीं, सिर्फ अपने स्वार्थ के लिए काम कर रही है।

एनसीपी (एसपी) प्रवक्ता ने कहा कि महाराष्ट्र गोकुल दूध संघ का जो चुनाव हुआ था, वहां ये हार गए, लेकिन अपने लोगों को चेयरमैन बना दिया। महाराष्ट्र में भी सरकार पलटने के लिए हॉर्स ट्रेडिंग की गई। भाजपा इस काम में माहिर है। अशोक गहलोत जो कह रहे हैं, उसकी पुष्टि हो और भाजपा को इसका जवाब देना चाहिए।

--आईएएनएस

केके/एबीएम