×

राहुल गांधी सिर्फ ड्रामा करते हैं, युवाओं के आदर्श हैं देवेंद्र फडणवीस : चंद्रशेखर बावनकुले

 

कोल्हापुर, 23 अगस्त (आईएएनएस)। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे कभी युवाओं के आदर्श नहीं हो सकते हैं, वे तो सिर्फ ड्रामा करना जानते हैं। अगर युवाओं का कोई आदर्श है तो वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हैं क्योंकि युवाओं को उनके कामकाज की शैली पसंद है।

छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी के बयानों पर मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि अगर राहुल गांधी को लगता है कि वे युवाओं को भड़काएंगे और यह संदेश फैलाएंगे कि हमारी सरकार युवाओं के खिलाफ है, तो उनकी पार्टी आगे बढ़ेगी। यह सोच उन्हें दिल और दिमाग से निकाल लेना चाहिए क्योंकि देश का युवा पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ खड़ा है और इसी तरह महाराष्ट्र का युवा सीएम फडणवीस के साथ विकसित महाराष्ट्र के संकल्प के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सिर्फ अपनी राजनीतिक साख बचाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने रविवार को कोल्हापुर में मां जगदंबा के दर्शन किए। उन्होंने मां जगदंबा के चरणों में नमन करते हुए सभी की खुशी, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मां जगदंबा की कृपा-दृष्टि हमेशा सब पर बनी रहे और हर जीवन में खुशी, संतोष और सफलता का वास हो, यही मेरी प्रार्थना है!

मीडिया से उन्होंने कहा कि आज मैंने कोल्हापुर की देवी महालक्ष्मी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया, जो महाराष्ट्र में हम सभी पर कृपा बनाए रखती हैं। हम सभी ने प्रार्थना की कि जिन इलाकों में अभी तक बारिश नहीं हुई है, वहां बारिश हो। महाराष्ट्र के लगभग एक-तिहाई हिस्से में किसान अभी भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। अगर बारिश होती है, तो हमारी फसलें बच जाएंगी और आने वाला संकट टल जाएगा। जैसा कि आप सभी जानते हैं, जब कोई सच्चे दिल से देवी से कुछ मांगता है, तो उनकी प्रार्थना जरूर पूरी होती है। मुझे विश्वास है कि देवी महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में भी बारिश का आशीर्वाद देंगी और हम सभी के लिए खुशहाली लाएंगी।

उन्होंने कोल्हापुर की कुछ समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि देवेंद्र फडणवीस की सरकार सभी को न्याय दिलाने वाली सरकार है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम