☰
×

राहुल गांधी सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि भारत के खिलाफ लड़ रहेः भाजपा

 

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश और पार्टी के वरिष्ठ नेता शहनवाज हुसैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें भारत की छवि धूमिल करने के कथित प्रयासों का उल्लेख किया गया था। दोनों नेताओं ने प्रियंका गांधी के पुत्र रेहान वाड्रा की कला प्रदर्शनी से जुड़े विवाद समेत अन्य समसामयिक मुद्दों पर भी अपने विचार व्यक्त किए।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "राहुल गांधी ने पहले ही दिन कहा था कि 'हम भारतीय राज्य के खिलाफ लड़ रहे हैं।' वे भारत सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि भारत के खिलाफ लड़ रहे हैं। इसके बाद नेहा वोरा बांग्लादेश से प्रेरणा लेती हैं और शरजील इमाम जैसे लोगों का जिक्र आता है। शरजील इमाम कौन है? वह एक इस्लामिक घोषणापत्र लेकर आया है और भारत को बांटने की खतरनाक कोशिश कर रहा है। उमर खालिद कौन है? प्रशांत भूषण कहते हैं कि सत्ता परिवर्तन होगा और होकर रहेगा। प्रशांत भूषण कौन हैं? संजय राउत कहते हैं कि अल्बानिया में सुप्रीम कोर्ट में आग लगा दी गई थी, लेकिन भारत में ऐसा संभव नहीं है। संवैधानिक तरीकों का पालन करें, चुनाव लड़ें, अपने विरोधियों को हराएं और सत्ता में आएं। हिंसक तरीके से सत्ता बदलने का आपका सपना कभी पूरा नहीं होगा।"

प्रियांका गांधी के बेटे रेहान से जुड़े बीकानेर हाउस प्रदर्शनी विवाद पर गुरु प्रकाश ने कहा, "लॉन्च होने के बाद राहुल गांधी फेल हो गए हैं। प्रियंका गांधी लॉन्च ही हो रही हैं। ऐसे में एक कांग्रेस का एक नया चेहरा आ गया है। खानदानी अहंकार का अंत हो चुका है। इसलिए गांधी परिवार को अंहकार और सामंतवाद से बाहर निकलने का समय आ गया है।"

भारत में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को फ्रांस में हो रही अशांति से जोड़ने वाली खबरों पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "यह एक प्रोग्रेसिव इंटरेशनल ग्रुप है, जो जहां-जहां जाता है, वहां विरोध-प्रदर्शन कराता है। यह वही प्रतिनिधि मंडल है, जो पिछले साल राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मिला था।"

भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोगों को प्रधानमंत्री की बढ़ती लोकप्रियता और देश की प्रगति स्वीकार नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में संघर्ष और अस्थिरता के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर आगे बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ तत्व देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता परिवर्तन का रास्ता चुनावों से होकर गुजरता है। उनके अनुसार, भाजपा ने भी अतीत में कांग्रेस सरकार को जनादेश के माध्यम से ही सत्ता से बाहर किया था। शहनवाज हुसैन ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे यह संदेश जाए कि उनके साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत की इकोनमी 7.8 फीसदी से आगे बढ़ रही है

प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी पर विवाद पर शाहनवाज हुसैन ने कहा, "प्रदर्शनी लगाने का अधिकार सभी को है, लेकिन सिर्फ विरोध-प्रदर्शन की तस्वीरें दिखाना जायज नहीं है। विरोध-प्रदर्शन के कई मामले अदालत में विचाराधीन हैं। ऐसे में विरोध-प्रदर्शन की तस्वीरें प्रदर्शन करना ठीक नहीं है, इसलिए उनकी तस्वीरें हटाई गईं।"

--आईएएनएस

ओपी/एएस