राहुल गांधी बोले- भाजपा-RSS गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाना चाहते हैं, वीडियो में जाने तेलंगाना सरकार देगी 5 लाख का दुर्घटना बीमा और 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को हैदराबाद में गिग वर्कर्स को संबोधित करते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाना चाहते हैं। उनसे 24 घंटे काम कराकर अरबपतियों और बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस गिग वर्कर्स को मजदूर नहीं, बल्कि अपना साझेदार बनाना चाहती है। पार्टी का उद्देश्य उनके परिवारों को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना है।
राहुल गांधी हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डिलीवरी कर्मचारियों, कैब चालकों और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े अन्य कर्मचारियों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार की ओर से गिग वर्कर्स के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा भी की।
गिग वर्कर्स को मिलेगा 5 लाख का दुर्घटना बीमा
राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स को काम के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क दुर्घटना होने या बीमारी की स्थिति में उनके परिवार पर आर्थिक संकट आ जाता है। ऐसे में परिवार की मदद के लिए सरकार को आगे आना जरूरी है।उन्होंने घोषणा की कि तेलंगाना सरकार प्रत्येक गिग वर्कर को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा देने जा रही है। इससे दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।
राहुल गांधी ने कहा कि डिलीवरी कर्मचारी और कैब चालक दिन-रात मेहनत करते हैं। वे शहरों में लोगों तक जरूरी सेवाएं पहुंचाते हैं, लेकिन कई बार उनके पास सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा का पर्याप्त इंतजाम नहीं होता। कांग्रेस सरकार उनकी इस परेशानी को समझती है और उन्हें सुरक्षा देने के लिए काम कर रही है।
हर लेनदेन से खाते में पहुंचेगा पैसा
राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स के लिए आर्थिक लाभ से जुड़ी एक और घोषणा की। उन्होंने कहा कि राइड और डिलीवरी के प्रत्येक लेनदेन पर 1 प्रतिशत राशि सीधे गिग वर्कर के बैंक खाते में पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इससे कर्मचारियों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिल सकेगी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि गिग वर्कर्स को केवल काम करने वाला कर्मचारी न समझा जाए, बल्कि उन्हें व्यवस्था में भागीदार बनाया जाए। उनके परिवारों को शिक्षा और सुरक्षा मिलनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बेहतर हो सके।
बाइक रैली में शामिल हुए राहुल गांधी और रेवंत रेड्डी
कार्यक्रम से पहले राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गिग वर्कर्स की बाइक रैली में भी शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी एक महिला बाइक राइडर के स्कूटर पर पीछे बैठे नजर आए। रैली में बड़ी संख्या में डिलीवरी कर्मचारी, कैब चालक और ऐप आधारित सेवाओं से जुड़े लोग शामिल हुए।
हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की भारत समिट के दूसरे दिन राहुल गांधी की मौजूदगी भी चर्चा में रही। गिग वर्कर्स के साथ इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस ने असंगठित और ऐप आधारित कामकाज से जुड़े कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक अधिकार और कल्याणकारी योजनाओं के मुद्दे को उठाया।राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि गिग वर्कर्स की मेहनत का सम्मान होना चाहिए और उन्हें ऐसी व्यवस्था मिलनी चाहिए, जिसमें उनके साथ-साथ उनके परिवारों का भविष्य भी सुरक्षित रहे।