राहुल गांधी बोले- भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा, वीडियो में देंखे युवाओं को नहीं दिख रहा भविष्य; कोलंबिया यूनिवर्सिटी में सरकार पर साधा निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और इसकी सबसे बड़ी वजह बड़े पैमाने पर बेरोजगारी तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी गंभीर खामियां हैं। देश के युवाओं में भविष्य को लेकर निराशा बढ़ रही है, क्योंकि उन्हें आगे रोजगार और बेहतर अवसरों की संभावनाएं नजर नहीं आ रही हैं।राहुल गांधी ने ये बातें बुधवार को अमेरिका के न्यूयॉर्कस्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत के दौरान कहीं। राहुल इन दिनों दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। उनके कार्यक्रम में शिकागो यूनिवर्सिटी का दौरा भी शामिल है।
युवाओं में बढ़ रही भविष्य को लेकर निराशा
राहुल गांधी ने कहा कि देश में युवाओं का एक बड़ा वर्ग मौजूदा हालात से निराश है। इनमें विशेष रूप से मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले ऐसे युवा शामिल हैं, जिन्होंने औपचारिक शिक्षा हासिल की है। इसके बावजूद उन्हें रोजगार और करियर के बेहतर अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी टीम युवाओं में बढ़ती निराशा के कारणों का अध्ययन कर रही है और इस समस्या को समझने की कोशिश कर रही है। राहुल के मुताबिक, इस निराशा की सबसे बड़ी वजह यह है कि युवाओं को अपना भविष्य दिखाई नहीं दे रहा।उन्होंने युवाओं और उनके माता-पिता के बीच बढ़ते अंतर का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, आज की युवा पीढ़ी पुराने समय के अनुभवों और सलाह को अपने मौजूदा हालात में उपयोगी नहीं मान रही है। युवाओं के सामने सबसे बड़ा सवाल रोजगार और भविष्य की सुरक्षा का है।
बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि भारत में बेरोजगारी की समस्या काफी बड़ी है। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था में भी गंभीर समस्याएं हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को नजरअंदाज करने से देश के सामने आर्थिक चुनौतियां और बढ़ सकती हैं।उन्होंने भारत के आर्थिक मॉडल पर भी सवाल उठाए। राहुल का कहना था कि देश में रोजगार पैदा करने के लिए छोटे और मध्यम कारोबार तथा कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। इन क्षेत्रों को मजबूत किए बिना बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार देना मुश्किल होगा।उन्होंने विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया। राहुल के मुताबिक, केवल सेवा क्षेत्र के माध्यम से देश की पूरी युवा आबादी को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं कराए जा सकते।
एसआईआर अभियान के खर्च पर भी सवाल
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर अभियान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इसे सामान्य चुनावी अभियान से बिल्कुल अलग बताया।राहुल ने दावा किया कि इस अभियान में जितना पैसा खर्च किया गया, वह उनके अनुमान से 20, 30, 40 या यहां तक कि 50 गुना अधिक था। उन्होंने सवाल उठाया कि इस अभियान में इतनी बड़ी रकम कहां से आई।उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान में खर्च की गई राशि को लेकर कई सवाल हैं और इनका जवाब मिलना चाहिए।
अमेरिका दौरे पर हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी दो दिनों के अमेरिका दौरे पर हैं। न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। इसके बाद उनके शिकागो यूनिवर्सिटी जाने का कार्यक्रम भी है।राहुल के अमेरिका में दिए गए इन बयानों के बाद देश में आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, शिक्षा और एसआईआर अभियान को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है।