सीएम पुष्कर सिंह धामी का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- देश में कोई उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेता
नैनीताल, 5 जून (आईएएनएस)। उत्तराखंड को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश में राहुल गांधी की बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता और शायद उन्हें खुद भी नहीं पता होता कि वे क्या बोलते हैं?
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "देश में कोई भी राहुल गांधी की बातों को गंभीरता से नहीं लेता। राजनीति में आने के बाद उनकी पार्टी ने उन्हें कई बार लॉन्च और री-लॉन्च किया, लेकिन इतने वर्षों बाद भी वह खुद को स्थापित नहीं कर पाए हैं।"
उन्होंने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी हमारे जवानों को लेकर बयान देते हैं, उसे उत्तराखंड की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। धामी ने कहा, "अगर वह प्रधानमंत्री और हमारी पार्टी का विरोध करते हैं तो यह समझ में आता है, लेकिन उन्होंने सेना और देश को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।"
मुख्यमंत्री ने देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) रहे जनरल बिपिन रावत का उल्लेख करते हुए कहा कि वह उत्तराखंड के गौरव थे और उन्होंने पूरे देश का नाम रोशन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं ने जनरल रावत को लेकर भी अनुचित टिप्पणियां की थीं, जिसे लोग भूले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कई वर्षों से इस तरह के बयान देते आ रहे हैं, और उत्तराखंड की जनता उनके बयानों को गंभीरता से नहीं लेती।
बता दें कि राहुल गांधी 4 मई को अल्मोड़ा जाने वाले थे, जहां उन्हें एक जनसभा को संबोधित करना था, लेकिन खराब मौसम होने की वजह से उनका हेलीकॉप्टर लैंड नहीं हो पाया, और वे वापस पंतनगर लौट गए।
राहुल गांधी ने उत्तराखंड की जनता को संबोधित करते हुए एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा, "मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था, आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था, आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और चिंताओं को समझना चाहता था। दुर्भाग्य से, मौसम की खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया। आज सुबह मैं पंतनगर पहुंच गया था। वहां से हमें हेलीकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा में जनसभा के लिए जाना था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए पायलट ने उड़ान भरने से साफ इनकार कर दिया।"
राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति पर, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर, राज्य और आपके भविष्य पर और उन चुनौतियों पर जिनका सामना आज उत्तराखंड कर रहा है, मुझे आपसे बहुत-सी बातें करनी थीं। पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ भी महत्वपूर्ण मुलाकात और बैठक निर्धारित थी।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी