राहुल गांधी मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं : जगदंबिका पाल
नई दिल्ली, 23 फरवरी (आईएएनएस)। भारत मंडपम में आयोजित हुए एआई समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन पर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि वे मानसिक रूप से दिवालिया हो चुके हैं, क्योंकि अभी तक उन्होंने इस मामले पर चुप्पी साध रखी है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद ने कहा कि एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा सिर्फ पीएम मोदी ने नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया ने की। ऐसे समय में जब भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर पहला ग्लोबल साउथ समिट होस्ट कर रहा था, जिसमें 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 100 देशों के प्रतिनिधि शामिल थे। वह जगह शर्टलेस प्रोटेस्ट के लिए नहीं थी। राहुल गांधी की चुप्पी साफ संकेत दे रही है कि वे इसका समर्थन कर रहे हैं। देश शर्मसार हुआ है। राहुल गांधी भारत की संस्कृति का सम्मान नहीं करते।
जगदंबिका पाल ने जेएनयू में एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर हुए हमले पर कहा कि लेफ्ट विंग हमेशा अतिवाद में यकीन रखता है। जिस तरह एबीवीपी छात्रों पर हमला हुआ, हॉस्टल के कमरों में उन्हें पीटा गया, उससे यह साफ पता चलता है।
उन्होंने कहा कि यह वही जेएनयू है जहां से अक्सर अलगाववादी ताकतों को सपोर्ट मिलता रहा है, और जहां 'देश के टुकड़े-टुकड़े' करने के नारे लगते रहे हैं। मुझे लगता है कि लेफ्ट विंग के लोगों को देश की अखंडता पर विश्वास नहीं है। जो देश के लिए विभाजनकारी तरीके से बात करे, हिंसा पर उतर आए, उनकी कड़ी निंदा करता हूं और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा सांसद ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने सीएम के कार्यकाल में कभी आगरा तो कभी लखनऊ में कागजों पर इन्वेस्टर समिट किया, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। भाजपा की सरकार में अब लगातार नोएडा और ग्रेटर नोएडा में फैक्टरियां लग रही हैं। हम चीन पर निर्भर नहीं रहेंगे। सीएम योगी बड़ी-बड़ी कंपनियों के साथ करार करके यूपी में निवेश लाएंगे। अखिलेश यादव के कार्यकाल में तो लोग शाम होते ही घरों में दुबक जाते थे। कानून-व्यवस्था का नामोनिशान नहीं था। योगी के राज में विकास हो रहा है, तो उन्हें समस्या हो रही है।
उन्होंने आगे कहा कि इंडिया ब्लॉक खत्म हो चुका है। इसे शुरू करने वाले नीतीश कुमार हमारे पार्टनर हैं। ममता बनर्जी कांग्रेस से अलग होकर चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर खुद सवाल उठा रहे हैं कि राहुल गांधी में नेतृत्व करने की क्षमता नहीं है।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम