☰
×

राहुल गांधी मध्य प्रदेश आकर झूठ फैलाते हैं, जनता माफ नहीं करेगी : नरेंद्र शिवाजी पटेल

 

भोपाल, 29 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी मध्य प्रदेश में आकर झूठ फैलाने का काम करते हैं। पटेल ने कहा कि उनके मंच पर ऐसे लोग मौजूद रहते हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां का अपमान करते हैं।

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की धरती पर जिस तरह प्रधानमंत्री की मां का मजाक उड़ाया गया, उसे देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के मीम और वीडियो सामने आए, जिनमें प्रधानमंत्री का अपमान किया गया। उन्होंने कांग्रेस पर संविधान की भावना के विपरीत काम करने का भी आरोप लगाया।

नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कुछ कहते हैं और करते कुछ और हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान भी सत्ता के संचालन को लेकर कांग्रेस के नेताओं की भूमिका पर सवाल उठते रहे हैं।

वहीं, सरकारी वाहनों से जुड़े एक मामले पर पटेल ने स्पष्ट किया कि सरकार ने वाहन खरीदे नहीं थे, बल्कि उनकी सेवा आउटसोर्स कर दूसरी एजेंसी को दी गई थी। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यवस्था के तहत जो वाहन उपलब्ध कराए जा रहे थे, उनमें कुछ नए वाहन भी शामिल थे। यदि कोई वाहन तय शर्तों और मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो सेवा प्रदाता एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने विद्यार्थियों को गणवेश उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले सरकार ने केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत गणवेश तैयार करवाकर सभी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया था, हालांकि शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाने के बाद इस व्यवस्था में बदलाव का सुझाव आया। पटेल ने कहा कि अब विद्यार्थियों को गणवेश उपलब्ध कराने के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खातों में सीधे राशि भेजने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से राशि भेजने से विद्यार्थियों और उनके परिवारों को समय पर गणवेश की व्यवस्था करने में सुविधा होगी। सरकार की ओर से इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से आठवीं तक पढ़ने वाले 58 लाख बच्चों को गणवेश के लिए 600 रुपए दिए जाएंगे। यह फैसला मंगलवार को हुई मोहन सरकार की कैबिनेट में किया गया।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी