राहुल गांधी की टिप्पणी पर बोले मुख्तार अब्बास नकवी- पीएम ने संकट के वक्त खुद को साबित किया
नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर आईएएनएस से कहा कि पीएम मोदी और केंद्र की सरकार ने संकट के वक्त खुद को साबित किया है। उनके बारे में भय और भ्रम का माहौल पैदा करना, दुनिया में भारत को बदनाम करने की साजिशें करना, ये कोई नई चीज तो नहीं है। 2014 के बाद से हताशा और निराशा में घिरे हुए ये लोग चैन से नहीं बैठे हैं।
मुख्तार अब्बास ने कहा कि पीएम मोदी की सरकार देश के आन-बान-शान को बढ़ा रही है और हर संकट में संकट मोचक की भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी, भाजपा और आरएसएस को लेकर दशकों से ये जो दुष्प्रचार कर रहे हैं, उसको दरकिनार करके आरएसएस, भाजपा और पीएम मोदी मजबूती के साथ भारत की आन-बान-शान को चार चांद लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
शरद पवार की ओर से पीएम मोदी की तारीफ करने पर मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि शरद पवार वरिष्ठ नेता हैं। हर मौसम का उनको एहसास है और उन्होंने हर मिजाज को देखा है।
बंगाल में वंदे मातरम अनिवार्य करने को लेकर मुख्तार अब्बास ने कहा कि किसी को भी सांप्रदायिक असहिष्णुता का माहौल नहीं पैदा करना चाहिए। वंदे मातरम को लेकर जो लोग असहिष्णुता का माहौल पैदा करना चाहते हैं, वे देश के सौहार्द्र के माहौल के ताने-बाने को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों को सफल नहीं होने देना है।
पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से मदरसों में 'वंदे मातरम' अनिवार्य किए जाने के मुद्दे पर जमीयत उलेमा के जिला सचिव मोहम्मद अशरफ अली कासमी ने कहा कि किसी की भी धार्मिक या सांप्रदायिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना सरकार का काम नहीं है। सरकार की जिम्मेदारी नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं और जरूरी जरूरतें मुहैया कराना, कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करना और साथ ही विकास पर ध्यान केंद्रित करना है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम