☰
×

राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोपों की स्वतंत्र जांच हो, सुप्रीम कोर्ट खुद संज्ञान ले: आलोक शर्मा

 

मुंबई, 14 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने राहुल गांधी द्वारा फोन टैपिंग के लगाए गए आरोपों का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार को चुनौती दी कि वह इस मामले की जांच कराए। उन्होंने कहा कि फोन टैपिंग का मुद्दा केवल विपक्षी नेताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्ता पक्ष के नेताओं और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों की भी निगरानी किए जाने की आशंका है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से मामले में स्वतः संज्ञान लेने और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। इस दौरान उन्होंने कई अन्य मुद्दों पर भी टिप्पणी की।

राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोपों पर आलोक शर्मा ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए कहा कि इनका आधार हमेशा से मुखबिरी रहा है। उन्होंने अंग्रेजों के समय से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए गुजरात में भाजपा सरकार के दौरान एक महिला की कथित निगरानी का मुद्दा उठाया। शर्मा ने कहा कि यह गुजरात मॉडल है, जिसमें अधिकारियों, सुप्रीम कोर्ट के जजों और सीबीआई निदेशक तक की निगरानी किए जाने के आरोप सामने आए हैं। राहुल गांधी ने जो आरोप लगाए हैं, वे सही हैं और सरकार को इसकी जांच करानी चाहिए।

महाराष्ट्र के कुछ नेताओं द्वारा राहुल गांधी के आरोपों का समर्थन किए जाने के सवाल पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यह केवल राजनीतिक मामला नहीं है। फोन टैपिंग की आशंका केवल विपक्षी नेताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्ता पक्ष के नेताओं के फोन भी टैप किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने प्रकाश जावड़ेकर और रविशंकर प्रसाद सहित कुछ नेताओं का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि मंत्रिमंडल से कुछ लोगों को क्यों हटाया गया था और क्या उनके मोबाइल फोन की भी निगरानी की गई थी।

शर्मा ने कहा कि इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए और सुप्रीम कोर्ट को स्वयं संज्ञान लेना चाहिए। यदि सुप्रीम कोर्ट के जजों, सीबीआई निदेशक और उनके आसपास काम करने वाले कर्मचारियों तक की निगरानी संभव है, तो इस मामले की गंभीरता को समझा जा सकता है।

भाजपा सांसद कंगना रनौत के खिलाफ एफआईआर से जुड़े सवाल पर आलोक शर्मा ने कहा कि ऐसे लोगों पर बहुत ज्यादा टिप्पणी नहीं करनी चाहिए, लेकिन सांसद होने के नाते उन्हें अपनी सीमाओं का ध्यान रखना चाहिए और भारतीय लोकतंत्र को समझना चाहिए। उन्होंने कंगना पर निशाना साधते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कृपा से सांसद बनी हैं।

असदुद्दीन ओवैसी और गठबंधन की राजनीति पर पूछे गए सवाल के जवाब में शर्मा ने ओवैसी और अरविंद केजरीवाल को भाजपा की 'बी-टीम' बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे दलों को संसाधन उपलब्ध कराती है, जो चुनाव में उतरकर मतदाताओं का ध्रुवीकरण करते हैं। उन्होंने गुजरात और कर्नाटक के चुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कम सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद इन दलों ने ध्रुवीकरण की राजनीति की। प्रदेश की जनता इस राजनीतिक रणनीति को समझ चुकी है।

छठ पूजा को लेकर राहुल गांधी के पुराने बयान पर भाजपा की ओर से माफी की मांग किए जाने के सवाल पर आलोक शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले बिहार की जनता से माफी मांगनी चाहिए कि उसने एक ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाया, जिसके बयानों पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के कथित बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा मूल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के विवाद खड़े करती है।

शर्मा ने कहा कि जनता को ऐसे राजनीतिक जाल में नहीं फंसना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस की ओर से छठी मैया को नमन किया और कामना की कि छठी मैया पूरे देश में समृद्धि लाएं। उन्होंने सूर्य भगवान की उपासना करते हुए सभी माताओं और बहनों की मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना भी की।

एनसीपी के संभावित विलय को लेकर सुप्रिया सुले के बयान पर आलोक शर्मा ने कहा कि दो राजनीतिक दलों को अपने विलय के संबंध में स्वयं निर्णय लेना है और कांग्रेस इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहती। यदि दोनों दलों को लगता है कि महाराष्ट्र और देश के हित में विलय जरूरी है, तो उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र में पहले हुए राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए सुबह-सुबह शपथ ग्रहण और उसके बाद राजनीतिक स्थिति बदलने की घटनाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन घटनाओं की जांच और उससे जुड़े सवाल अब तक पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुए हैं। ऐसे में दोनों दलों को आपस में विचार करके अपना फैसला लेना चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके