'भारत जोड़ो यात्रा' के बावजूद राहुल गांधी के खाते में 99 हार, 'शतक' से महज एक कदम दूर
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के राजनीतिक करियर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले दो दशकों से अधिक समय से कांग्रेस की राजनीति के केंद्र में रहने के बावजूद राहुल गांधी के खाते में 99 चुनावी हार दर्ज हो चुकी हैं। यह संख्या शतक से महज एक कदम दूर है।
बड़ी बात यह है कि राहुल गांधी ने सितंबर 2022 में 'भारत जोड़ो यात्रा' की शुरुआत की। उनका दावा था कि यह यात्रा देश को जोड़ने और संविधान की रक्षा करने के लिए है। लेकिन, जब इस यात्रा के बाद कई राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए तो कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी। यहां तक कि जिन राज्यों से होकर यह यात्रा गुजरी, वहां भी कांग्रेस की लुटिया डूबते देर नहीं लगी। अगर बात लोकसभा चुनाव की करें तो भाजपा की सीट जरूर कम हुई, एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ।
इंफो इन डाटा की ओर से जारी एक पोस्टर में राहुल गांधी के 99 चुनावी हार का जिक्र किया गया है। नक्शे में देश के उन राज्यों को चिन्हित किया गया है, जहां कांग्रेस को विभिन्न चुनावों में हार का सामना करना पड़ा। पोस्टर में लोकसभा चुनाव 2014, 2019 और 2024 का भी जिक्र है, जहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इंफो इन डाटा ने पोस्टर शेयर करते हुए एक पोस्ट में लिखा, "हालांकि अंतिम परिणामों का अभी भी इंतजार है, लेकिन यह बात पक्की हो चुकी है। राहुल गांधी के लिए 99 हार।"
राहुल गांधी के कांग्रेस की राजनीति के केंद्र में रहने के दौरान देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पार्टी को चुनावी हार का सामना करना पड़ा। इनमें जम्मू-कश्मीर (2014), पंजाब (2007, 2012, 2022), हरियाणा (2014, 2019, 2024), दिल्ली (2013, 2015, 2020, 2025), गुजरात (2007, 2012, 2017, 2022), राजस्थान (2013, 2023), मध्य प्रदेश (2008, 2013, 2018, 2023), महाराष्ट्र (2014, 2019, 2024), गोवा (2012, 2017, 2022), कर्नाटक (2004, 2008, 2018), केरल (2006, 2016, 2021), तेलंगाना (2014, 2018), आंध्र प्रदेश (2014, 2019, 2024), पुडुचेरी (2011, 2021, 2026), तमिलनाडु (2011, 2016, 2026), हिमाचल प्रदेश (2007, 2017), उत्तराखंड (2007, 2017, 2022), सिक्किम (2004, 2009, 2014, 2019, 2024), उत्तर प्रदेश (2007, 2012, 2017, 2022), बिहार (2005, 2010, 2015, 2020), पश्चिम बंगाल (2006, 2016, 2021, 2026), अरुणाचल प्रदेश (2019, 2024), असम (2016, 2021, 2026), नागालैंड (2008, 2013, 2018, 2023), मणिपुर (2017, 2022), मिजोरम (2018, 2023), त्रिपुरा (2008, 2013, 2018, 2023), मेघालय (2018, 2023), झारखंड (2005, 2009, 2014), ओडिशा (2004, 2009, 2014, 2019, 2024) और छत्तीसगढ़ (2008, 2013, 2023) जैसे राज्य शामिल हैं, जहां अलग-अलग सालों में कांग्रेस को चुनावी पराजय का सामना करना पड़ा।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम