×

राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' पर विवाद, भाजपा बोली- महिलाओं से कराया आपत्तिजनक डांस

 

कुरनूल, 19 सितंबर (आंध्र प्रदेश)। भाजपा प्रवक्ता विनूषा ने कांग्रेस पार्टी और सासंद राहुल गांधी पर जुबानी हमला किया। उन्होंने राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम और पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिस महिला सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक मूल्यों की बात करती है, उसके व्यवहार में विरोधाभास दिखाई देता है।

विनूषा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी देशभर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम करने जा रहे हैं। उन्होंने एक कथित वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए भीड़ जुटाने के उद्देश्य से युवा महिलाओं से आपत्तिजनक और उत्तेजक तरीके से नृत्य कराया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ कांग्रेस के मंचों से पितृसत्ता के खिलाफ आवाज उठाने और महिला अधिकारों की बात की जाती है, जबकि दूसरी तरफ कार्यक्रमों में महिलाओं का इस्तेमाल भीड़ जुटाने के लिए किया जा रहा है। विनूषा ने इसे राहुल गांधी की 'दोहरी नीति' बताया और कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि वह युवाओं और महिलाओं के लिए किस तरह की राजनीति करना चाहती है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी न तो महिला सशक्तिकरण के लिए प्रभावी भूमिका निभा रहे हैं और न ही छात्रों के विकास के लिए उनकी राजनीति पर्याप्त है। विनूषा ने राहुल गांधी के कार्यक्रमों के संदर्भ में कोटा का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि कोटा को लंबे समय तक कांग्रेस का मजबूत क्षेत्र माना जाता रहा है, लेकिन स्थानीय निकाय चुनाव में वहां भाजपा को सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को अपने कार्यक्रमों और राजनीतिक संदेशों पर जनता की प्रतिक्रिया से भी सीखना चाहिए। किसी भी राजनीतिक दल को जनता के बीच अपने काम और संगठन की स्थिति का ईमानदारी से आकलन करना चाहिए। कांग्रेस की संगठनात्मक स्थिति पर हमला बोलते हुए विनूषा ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस की तुलना उसके शुरुआती दौर की कांग्रेस से नहीं की जा सकती। कांग्रेस कई बार विभाजित हुई और अलग-अलग समय में उससे अलग हुए नेताओं ने अपनी राजनीतिक पार्टियां बनाईं।

उन्होंने महाराष्ट्र की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी), पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और आंध्र प्रदेश की वाईएसआर कांग्रेस पार्टी का उदाहरण देते हुए कहा कि इन दलों का राजनीतिक इतिहास कांग्रेस से अलगाव से जुड़ा रहा है। विनूषा ने कांग्रेस से आत्ममंथन करने की अपील करते हुए सवाल उठाया कि यदि लगातार नेता और समूह पार्टी से अलग होकर नई राजनीतिक पार्टियां बनाते रहे हैं तो इसके पीछे संगठनात्मक कारणों की समीक्षा क्यों नहीं की जाती।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी समस्या उसके भीतर आंतरिक लोकतंत्र की कमी है। कांग्रेस में एक परिवार को अत्यधिक महत्व दिए जाने के कारण पार्टी के भीतर समय-समय पर असंतोष और विभाजन की स्थिति पैदा हुई। कांग्रेस के इतिहास में हुए विभिन्न विभाजनों का हवाला देते हुए विनूषा ने कहा कि पार्टी को यह देखना चाहिए कि आखिर क्यों उसके नेताओं को अलग राजनीतिक संगठन खड़े करने पड़े।

पश्चिम बंगाल की राजनीति का जिक्र करते हुए विनूषा ने कहा कि कांग्रेस को राज्य में मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराने के बजाय अपने संगठनात्मक इतिहास पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी पर भी संगठन में कथित तौर पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस से अलग होकर बनी पार्टियों के इतिहास से कांग्रेस को अपने संगठन की कमजोरियों पर विचार करना चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके