×

राहुल गांधी देश का विरोध करने लगे हैं: गौरव वल्लभ

 

नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पीएम मोदी का विरोध करते-करते अब देश का विरोध करने लगे हैं।

नई दिल्ली में भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जब पूरी दुनिया एआई समिट पर टकटकी लगाए हुए है, वहीं भारत की प्रगति का विरोध यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करके किया, क्योंकि उन्हें राहुल गांधी का इशारा था। पाकिस्तान भी एआई समिट का विरोध करता है, और कांग्रेस भी पाकिस्तान की तरह समिट का विरोध कर रही है। इससे एक चीज तो साफ है कि देश का विपक्ष भारत की तरक्की नहीं चाहता है। वह बस भारत का विरोध करने का मौका तलाशता है।

भाजपा नेता ने कहा कि एआई समिट में 300 से अधिक सीईओ शामिल हैं। 20 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। साढ़े तीन लाख एआई जानकार इसमें शामिल हो रहे हैं। पूरी दुनिया की नजर जिस पर टिकी है, उसका विरोध करना भारत का विरोध करना है। कांग्रेस पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। राहुल गांधी इकोनॉमी को 'डेड इकोनॉमी' कहते हैं, चुनाव में इसका भुगतान करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि जिस तरह कांग्रेस के गुंडों को समिट से लात-मारकर बाहर निकाला गया, उसी तरह कांग्रेस पार्टी की दुर्गति होगी।

भाजपा नेता ने कहा कि एआई समिट का क्रेडिट लेना तो छोड़िए, कांग्रेस पार्टी तो समिट को धूमिल करने में लगी हुई है। दूसरी बात यह है कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे तो क्या एआई पर रिसर्च शुरू हो गई थी? क्या उन्होंने भारत में कोई सेंटर बना दिया था, जिसके लिए हम उन्हें क्रेडिट दें? एआई एक हालिया विकास है। भारत को इसका चॉइस-मेकर बनाने का काम पीएम मोदी को जाता है। वे एआई पर फोकस कर रहे हैं, जिससे दुनिया में तकनीक के क्षेत्र में भारत का डंका बज रहा है।

भारत-ब्राजील ट्रेड डील पर भाजपा नेता ने कहा कि यह भारत की अर्थव्यवस्था की ताकत है, 144 करोड़ की आबादी की ताकत है, पीएम मोदी की नीतियों की ताकत है और इस बात की ताकत है कि दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में भारत 7.4 प्रतिशत की दर से ग्रोथ कर रहा है। दुनिया की कोई अन्य अर्थव्यवस्था 7.4 प्रतिशत की ग्रोथ नहीं कर रही है। ऐसी डीलों से युवाओं को रोजगार मिलेगा।

राहुल गांधी के एक्स पोस्ट पर भाजपा नेता ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी झूठे हैं। जो व्यक्ति भारत की अर्थव्यवस्था को मृत बताता है, वह झूठा है। वह भारत का विरोधी है। संसद में खड़े होकर हमारे कितने फाइटर जेट पाकिस्तान ने गिराए यह बताते हुए या तो वह झूठ बोल रहा है या फिर वह भारत-विरोधी है। जिस डील की सराहना पूरे विश्व में हो रही है, उसके बारे में 'समझौता' जैसे शब्द कहता है तो मैं उसे झूठा ही कहूंगा।

भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी बताएं कि वे ऐसे सवाल क्यों उठा रहे हैं। क्या उन्होंने पाकिस्तान के साथ कोई समझौता कर लिया है?

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी