☰
×

भगवान शिव-पार्वती की फोटो शेयर कर घिरे राहुल गांधी: ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कहा- बीजेपी और आरएसएस अपने दिल से नफरत बाहर निकालें

 

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। मां सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च कार्यक्रम में सुनाए गए एक पारिवारिक किस्से पर सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद राहुल ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधा है। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर साझा करते हुए प्रेम, डर और नफरत को लेकर अपनी बात रखी।

राहुल बोले- डर और नफरत ने बना दिया है जाल

राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि डर, क्रोध और नफरत ने भाजपा और RSS के समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। उनकी इस पोस्ट के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर भी थी।

सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च पर सुनाया था किस्सा

दरअसल, यह विवाद सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' की आधिकारिक लॉन्चिंग के दौरान शुरू हुआ। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने बचपन का एक निजी किस्सा साझा किया था।

उन्होंने बताया था कि खाना खाते समय उनके पिता मौजूद रहते थे और उनकी मां सोनिया गांधी उनकी गोद में बैठी होती थीं। बचपन में राहुल को यह बिल्कुल सामान्य लगता था। लेकिन जब वह अपने दोस्तों के घर जाते और वहां ऐसा नहीं देखते तो उनसे पूछते थे कि उनकी मां उनके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं।

हिमंत बिस्वा सरमा ने भी साधा निशाना

राहुल के इस बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने तंज कसा था। उन्होंने सोनिया गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपनी जिंदगी के इतने खास दिन पर भी शर्मिंदगी से नहीं बचाया जा सका। सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह प्रोडक्ट अब लॉन्च और री-लॉन्च से भी आगे निकल चुका है।

किरेन रिजिजू ने दी मर्यादा में रहने की सलाह

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल को सार्वजनिक मंचों पर निजी पारिवारिक बातें साझा करते समय मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। रिजिजू ने परिवार के बड़े-बुजुर्गों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए इस तरह के बयानों में सावधानी बरतने की सलाह दी।

इस पूरे मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच बहस छेड़ दी है। राहुल गांधी की शिव-पार्वती वाली पोस्ट को लेकर भी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।