राहुल गांधी का दावा- 2024 का लोकसभा चुनाव वैध नहीं था, वीडियो में बोले- ब्राजील की महिला ने विधानसभा चुनाव में 23 बार वोट डाला, चुनाव का बहिष्कार करना लोकतंत्र खत्म करने जैसा
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि चुनाव में कई फर्जी मतदाता थे। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ब्राजीलियाई महिला, जो कभी भारत आई ही नहीं, उसने एक विधानसभा चुनाव में 23 बार मतदान किया। राहुल ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव वैध नहीं था और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई थीं।
राहुल गांधी ने यह बातें गुरुवार को अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ संवाद के दौरान कहीं। वे दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इससे पहले बुधवार को उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। शिकागो में बातचीत के दौरान उनसे भारतीय चुनाव व्यवस्था, विपक्ष की रणनीति और चुनावी गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर सवाल किए गए।
चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं करता विपक्ष?
संवाद के दौरान राहुल गांधी से पूछा गया कि यदि विपक्ष को चुनाव में गड़बड़ी होने का भरोसा है, तो वह चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं करता? इस पर राहुल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है। अगर विपक्ष ने चुनावों का बहिष्कार करने का फैसला किया, तो उसी पल भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा।उन्होंने कहा, "भारतीय लोकतंत्र हमारे लिए पवित्र है। अगर हमने चुनावों का बायकॉट करने का फैसला किया, तो उसी पल भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। हम लोकतंत्र को खत्म नहीं करना चाहते।"
राहुल के मुताबिक, विपक्ष की रणनीति चुनावी प्रक्रिया से दूर हटने की नहीं, बल्कि उसमें बने रहकर लड़ाई जारी रखने की है। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश के लोगों को यह बताना चाहता है कि भारत में क्या चल रहा है और चुनावी व्यवस्था को लेकर उसकी क्या चिंताएं हैं।
चुनाव आयोग पर भी किया दावा
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष जानबूझकर चुनावी बहिष्कार का कदम नहीं उठा रहा है और उसे भरोसा है। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग अब खुद अंदर से विपक्ष को जानकारी दे रहा है।राहुल ने कहा कि चुनाव आयोग में वरिष्ठ स्तर पर मौजूद लोग भी अब कह रहे हैं कि वे यह सब और नहीं कर सकते। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा व्यवस्था कब ढहेगी, यह केवल समय की बात है।
अमेरिका दौरे पर हैं राहुल गांधी
राहुल गांधी इन दिनों दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। इस दौरान वे विश्वविद्यालयों में संवाद और कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम के बाद गुरुवार को उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत की।इस संवाद में राहुल गांधी ने भारतीय लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष का पक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव में कथित गड़बड़ियों के आरोपों के बावजूद विपक्ष चुनावी प्रक्रिया से बाहर नहीं होगा, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगा।