राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन सिर्फ नैरेटिव की लड़ाई लड़ रहे, सोशल मीडिया को बना रहे हथियार: भाजपा
जम्मू-कश्मीर, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा। भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन सिर्फ एक नैरेटिव की लड़ाई लड़ रहे हैं और सोशल मीडिया को हथियार बनाकर देश में भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता उनके चरित्र को समझती है। वहीं, राज्यसभा सांसद गोपी कृष्ण पांडेय ने इसे मीडिया में बने रहने का तरीका बताया। इसके साथ ही भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने राहुल गांधी पर संसद का समय बर्बाद करने का आरोप लगाया।
राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया ने कहा, "राहुल गांधी, कांग्रेस और इंडिया गठबंधन सिर्फ एक नैरेटिव की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसमें सोशल मीडिया को हथियार बनाकर देश के अंदर एक भ्रामक प्रचार करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, देश की जनता कांग्रेस और उनके गठबंधन के लोगों के चरित्र को समझती है।"
उन्होंने कहा कि देश में अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर नरेंद्र मोदी तक, जो तरक्की और बदलाव की शुरुआत हुई, सामान्य व्यक्ति को समाधान मिला है। ये वो लोग हैं, जिनका एजेंडा सिर्फ भाजपा के विचार का विरोध करना है। नैतिकता की हदें लांघकर वे ये काम कर रहे हैं। ये वहीं लोग हैं, जो विदेशों में जाकर भारतीय संविधान, लोकतंत्र और चुने हुए प्रधानमंत्री के खिलाफ बयानबाजी करते हैं।
राज्यसभा सांसद गोपी कृष्ण पांडेय ने कहा, "यह उनका मीडिया में बने रहने और अपने कार्यकर्ताओं को दूसरे वेश में खड़ा करने का तरीका है। पहले आपने देखा होगा कि साधु के वेश में मुसलमान भी चंदा मांगता था, जब उसका आईडी चेक किया गया तो वह मुसलमान निकला। अब इनके भी आईडी चेक होंगे तो पता लग जाएगा कि यह कांग्रेस का है या यह ककरोच जनता पार्टी का।"
उन्होंने कहा कि पता नहीं कहां से यह ककरोच जनता पार्टी पैदा हुई। यह विदेशी ताकतों द्वारा पैदा की गई पार्टी है और विदेशी फंड से चलती है। पिज्जा हट और सब वहीं पर चलते हैं। कांग्रेस क्या है? इंडिया गठबंधन में शामिल जितने भी दल हैं, जितने भी बैड एलिमेंट्स हैं, वे सब उसमें प्रवेश कर चुके हैं।
भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा कि राहुल गांधी ने पिछले तीन या चार सत्र में जिस तरह पार्लियामेंट का समय बर्बाद किया है, वह पार्लियामेंट के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को इस पर गहराई से सोचने की जरूरत है। उन्हें विपक्ष के नेता के लिए जरूरी कद और गरिमा के बारे में सोचना चाहिए और परिवार की राजनीति से आगे देखना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर संसद के सत्र की शुरुआत में अपने भाषणों में कहते हैं कि लोकतंत्र के लिए एक मजबूत विपक्ष जरूरी है। फिर भी, वे संसद में जनता के असली मुद्दे उठाने में नाकाम रहते हैं, इसलिए राहुल गांधी को अपने नजरिए पर फिर से सोचने की जरूरत है।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने कहा कि यह दिखावे का समर्थन है, क्योंकि सबको पता है कि उनकी आपसी कश्मकश है। झूठा नैरेटिव खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा कि जंतर-मंतर पर तिरंगा लहराना अपराध नहीं है, लेकिन देश के खिलाफ वहां पर साजिश करना, प्रोपैगेंडा करना, वह नहीं हो सकता है। तिरंगा हमारी 'आन-बान-शान' है, लेकिन ये जो विदेशी ताकतों के एजेंडे को देश में चलाने की साजिश हो रही है, ये देशद्रोही एजेंडा भारत में नहीं चलेगा, देश को बदनाम करने की साजिश जो हो रही है, वह नहीं चलेगा।
--आईएएनएस
केके/डीकेपी