बालाघाट पहुंचे राहुल गांधी, बैगा आदिवासियों से की मुलाकात; फुटेज में देंखे बच्चों की मौत का मुद्दा लोकसभा में उठाने की बात
कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुरुवार को मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा ब्लॉक के जगला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने बैगा आदिवासी समुदाय के लोगों से मुलाकात की। राहुल गांधी गांव में करीब एक घंटे तक रुके। इस दौरान उन्होंने बीमारी के कारण जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों से भी मुलाकात की और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। राहुल गांधी से मिलने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कांग्रेस के मुताबिक, करीब डेढ़ हजार लोग उनसे मिलने पहुंचे थे।
राहुल गांधी के दौरे का मुख्य फोकस आदिवासी इलाकों में बच्चों की बीमारी और कुपोषण से जुड़ी स्थिति रहा। बालाघाट में पिछले तीन महीनों के दौरान कुपोषण और मलेरिया से 32 आदिवासी बच्चों की मौत होने की बात सामने आई है। राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि बीमारी से निपटने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को संसद के आगामी सत्र में लोकसभा में उठाएंगे।
स्कूल पहुंचकर बच्चों से की बातचीत
बालाघाट पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने माटे प्राथमिक शासकीय स्कूल का दौरा किया। यहां उन्होंने स्कूली बच्चों से बातचीत की और मिड डे मील को लेकर जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से पूछा कि उन्हें स्कूल में भोजन किस तरह मिलता है और खाने की गुणवत्ता कैसी रहती है।इसके बाद राहुल गांधी जगला गांव पहुंचे और बैगा आदिवासी परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने बीमारी से बच्चों को खो चुके परिवारों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सुविधाओं और इलाज से जुड़ी परेशानियों की जानकारी भी दी।
आदिवासी महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिलने का आरोप
राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश सरकार की लाड़ली बहना योजना को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी समुदाय की कई महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। राहुल ने सरकार से आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य और पोषण व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।कांग्रेस का दावा है कि बालाघाट में बीमारी और कुपोषण के कारण हुई बच्चों की मौत का आंकड़ा बताए गए 32 मामलों से भी ज्यादा हो सकता है। पार्टी ने इस पूरे मामले की विस्तृत जांच और आदिवासी इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग की है।
भाजपा ने दौरे पर उठाए सवाल
राहुल गांधी के बालाघाट दौरे को लेकर भाजपा ने अलग रुख अपनाया है। भाजपा ने उनके दौरे को राजनीतिक माइलेज लेने की कोशिश बताया है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक रूप से इस्तेमाल कर रही है।वहीं, कांग्रेस का कहना है कि आदिवासी बच्चों की मौत और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति गंभीर मुद्दा है और इसे राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से अलग रखकर देखा जाना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि वह बालाघाट के आदिवासी परिवारों की समस्याओं और बच्चों की मौत के मामले को संसद में उठाएंगे।