राहगीरों से चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, छीनी गई बाइक और मोबाइल बरामद
नोएडा, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की थाना सेक्टर-49 पुलिस ने राह चलते लोगों से चाकू दिखाकर लूटपाट और वाहन चोरी करने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई एक मोटरसाइकिल पैशन प्रो, एक मोबाइल फोन, चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल की गई एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। इसके अलावा घटना से संबंधित 2500 रुपए नकद भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को सेक्टर-50 नोएडा में सीवेज प्लांट के सामने स्थित ग्रीन बेल्ट से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की गुप्ता, विशाल, परमजीत और प्रिन्स के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके अन्य आपराधिक मामलों और वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान रास्तों पर आने-जाने वाले लोगों को चाकू दिखाकर उनसे सामान छीन लेते थे। आरोपियों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले उन्होंने नोएडा के सेक्टर-50 में इंडियन पेट्रोल पंप के पीछे एक व्यक्ति से पैशन प्रो मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन छीना था। पुलिस ने इस घटना से संबंधित मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा, आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को उन्होंने गाजियाबाद जनपद से चोरी किया था।
पूछताछ में थाना फेस-3 क्षेत्र में कुछ दिन पहले एक व्यक्ति से मोबाइल फोन छीनने की बात भी सामने आई है। आरोपियों ने बताया कि छीना गया मोबाइल फोन उन्होंने राह चलते एक व्यक्ति को बेच दिया था। पुलिस के अनुसार, बरामद 2500 रुपए उसी वारदात से प्राप्त रकम में से बचे हुए पैसे हैं। गिरफ्तार आरोपियों में लक्की गुप्ता (25) पुत्र स्वर्गीय रामअवतार गुप्ता निवासी भट्टा रोड, राजनगर एक्सटेंशन, थाना नंदग्राम, गाजियाबाद शामिल है।
दूसरा आरोपी विशाल (24) पुत्र शेरा कश्यप भी भट्टा रोड, राजनगर एक्सटेंशन, थाना नंदग्राम, गाजियाबाद का निवासी है। तीसरे आरोपी परमजीत (23) पुत्र करतार सिंह का मूल निवास ग्राम बहसोडा, थाना स्याना, जिला बुलंदशहर है। वह वर्तमान में ग्राम बसई, थाना फेस-3, नोएडा में रह रहा था। चौथा आरोपी प्रिन्स (करीब 24 वर्ष) पुत्र जितेन्द्र कुमार निवासी नांगलोई, दिल्ली है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके साथ ही छीनी गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन, चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक अवैध चाकू और 2500 रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी