राघव चड्ढा की बढ़ती लोकप्रियता से असहज हैं केजरीवाल: सांसद रेखा शर्मा
पंचकूला, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा सोमवार को पंचकूला पहुंचीं। उन्होंने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब कोई नेता अरविंद केजरीवाल से थोड़ा आगे निकल जाता है तो वह उसे गिराने का काम करने लग जाते हैं।
राघव चड्ढा के खिलाफ आम आदमी पार्टी के फैसले पर रेखा शर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि उनकी पार्टी आम जनता के लिए है, लेकिन ऐसा नहीं है। उन्होंने केवल अपने लिए और अपने व्यक्तित्व को उभारने के लिए पार्टी बनाई। राघव चड्ढा पिछले कुछ समय से जनता के मुद्दे उठाकर चर्चित हो रहे थे, लेकिन अरविंद केजरीवाल को राघव चड्ढा की पॉपुलैरिटी नहीं भायी।
राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा ने कहा कि पंचकूला ही नहीं बल्कि पूरे देश में कांग्रेस में विवाद चल रहा है। कांग्रेस के लोग बाहर ये नहीं कह पाते कि वे राहुल गांधी के नेतृत्व को नहीं मानते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर इसी के चलते कलह शुरू हुई है।
पश्चिम बंगाल में चल रहे चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव मजबूती के साथ इस चुनाव को देख रहा है। मुझे नहीं लगता कि इस बार ममता बनर्जी की गुंडागर्दी वहां चलने वाली है क्योंकि चुनाव आयोग ने बड़े पैमाने पर फोर्स की तैनाती की है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए रेखा शर्मा ने कहा कि जो लोग वोटरों को अनपढ़ कह रहे हैं, वही वोटर पश्चिम बंगाल और केरल में उन्हें सबक सिखाएंगे। उन्होंने कहा कि ममता का साथ देते-देते कांग्रेस खत्म होने की कगार पर है। कांग्रेस की एक भी सीट इस बार नहीं आने वाली है।
आम आदमी पार्टी द्वारा राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाने का फैसला लिया गया। यह भी आरोप लगाया गया कि वह भाजपा से डर गए हैं। पार्टी ने यह भी संकेत दिया था कि पंजाब के सांसद को पार्टी के कोटे से उच्च सदन में बोलने का समय आवंटित नहीं किया जाएगा। पार्टी के प्रमुख युवा चेहरों में गिने जाने वाले चड्ढा राज्यसभा के सबसे युवा सदस्यों में से हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी