×

रायबरेली: रेल कोच कारखाने के आवासीय परिसर में फंदे से लटके मिले दो शव, इलाके में मची सनसनी

 

रायबरेली, 1 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली से शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। रेल कोच कारखाने के आवासीय परिसर में एक साथ दो शव फंदे से लटके मिले।

फांसी के फंदे से लटकते महिला और पुरुष के शव मिले हैं। महिला का शव घर के अंदर से बरामद हुआ है। वहीं, एक युवक का शव पेड़ से लटकता बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस थाने में दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। इसी के साथ घटना को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की।

घटना को लेकर क्षेत्राधिकारी लालगंज अमित कुमार ने बताया कि यह पूरा मामला लालगंज कोतवाली क्षेत्र के रेल कोच कारखाने के आवासीय परिसर का है।

घटना के बाद रेलकोच कारखाने के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मृतक युवक की पहचान सुदामा के रूप में हुई है, जो झांसी का रहने वाला था। वहीं, मृतक महिला की पहचान मीरा देवी के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 37 वर्ष बताई जा रही है और वह बिहार की रहने वाली थी। मृतका के पति रेल कोच कारखाने में कार्यरत हैं और मृतक युवक खुद रेल कोच कारखाने में नौकरी करता था।

बता दें कि शुक्रवार को एक इसी प्रकार की दिल दहला देने वाली घटना बरेली से सामने आई, जहां खेत में सो रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह मामला बरेली के फरीदपुर के रायपुर हंस गांव की है।

बताया जा रहा है कि बीती रात गुरुवार को किसान भोज (दावत) से लौटकर खेत में सोने चला गया था। इसी दौरान उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के पीछे की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस टीम मामले की जांच और अपराधियों के तलाश में जुटी है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम