'राधे-राधे, कमल खिला दे' नारे पर प्रियंका चतुर्वेदी का तंज, 'ब्रज क्षेत्र के विकास का क्या हुआ?'
नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए विभिन्न मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के बयान पर कहा कि आतंकवाद को लेकर भारत को पाकिस्तान के सामने कोई सबूत पेश करने की जरूरत नहीं है।
उत्तर प्रदेश में भाजपा के 'राधे-राधे, कमल खिला दे' नारे पर शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने आईएएनएस से बात करते हुए योगी सरकार पर मथुरा और ब्रज क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले दो कार्यकालों में मथुरा, वृंदावन, बरसाना और पूरे ब्रज क्षेत्र के लोगों को अपेक्षित विकास नहीं मिला। यमुना की सफाई का मुद्दा भी अब तक पूरी तरह हल नहीं हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार ने क्षेत्र में अच्छा काम किया होता, तो भाजपा को अपनी पहली चुनावी कार्यकारिणी बैठक मथुरा में करने और इस तरह का नारा देने की जरूरत क्यों पड़ती?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि समाजवादी पार्टी फिलहाल मजबूत स्थिति में है और भाजपा को उसके गढ़ में चुनौती देने की क्षमता रखती है। प्रदेश में सत्ता विरोधी लहर है और लोग भाजपा की जाति तथा धर्म आधारित राजनीति से नाराज हैं।
उन्होंने सपा और कांग्रेस को सीट बंटवारे में सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि दोनों दलों के बीच सही तालमेल नहीं बना, तो गठबंधन को बिहार जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। वहां सीटों के बंटवारे में काफी समय लगा और गठबंधन मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित नहीं कर पाया। उन्होंने महाराष्ट्र के राजनीतिक अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्षी दलों को पिछली गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
केंद्र सरकार के 2014 से अब तक 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से ऊपर आने के दावे पर भी प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश में गरीबी कम करने के लिए हर सरकार ने अपने स्तर पर काम किया है। यूपीए सरकार के दस साल के कार्यकाल में भी करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के प्रयास किए गए थे। मौजूदा सरकार ने पिछली सरकारों की कई योजनाओं को आगे बढ़ाया है। ऐसे में पूरी उपलब्धि का श्रेय अकेले लेने के बजाय सभी सरकारों के योगदान को स्वीकार करना चाहिए। 'विकसित भारत' का सपना कई सरकारों और पूर्व प्रधानमंत्रियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। सरकार का वास्तविक ध्यान आज भी गरीबी रेखा के नीचे जीवन जी रहे लोगों को बेहतर सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन देने पर होना चाहिए।
शिवसेना (यूबीटी) की नेता ने कहा कि पिछले सात दशकों से पाकिस्तान की आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता के सबूत दुनिया के सामने हैं। उन्होंने ओसामा बिन लादेन का उदाहरण देते हुए कहा कि विमान अपहरण के बाद भारत को जिन आतंकवादियों को छोड़ना पड़ा था, वे भी पाकिस्तान पहुंचकर दोबारा आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत और दुनिया के विभिन्न हिस्सों में हुए आतंकवादी हमलों की जड़ें पाकिस्तान में रही हैं। ऐसे में पाकिस्तान का सबूत मांगना वास्तविकता से ध्यान भटकाने की कोशिश है।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम