स्कूल में सुरक्षा पर उठे सवाल: टीचर की मौजूदगी में 10वीं की दो छात्राओं पर आरी से हमला, आरोपी रिश्तेदार गिरफ्तार
अनंतपुर: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में शनिवार सुबह एक स्कूल के क्लासरूम में 10वीं की छात्रा पर बिजली से चलने वाली आरी (चेनसॉ) से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में छात्रा का दायां हाथ कट गया, जबकि उसके चेहरे, गर्दन और कान पर भी गंभीर चोटें आई हैं। छात्रा को बचाने के लिए आगे आई दूसरी छात्रा भी घायल हो गई। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक छात्रा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पढ़ाई के दौरान क्लास में घुसा आरोपी
रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे हुई। उस समय क्लास में पढ़ाई चल रही थी। तभी हेमंत उर्फ डुम्मू नाम का आरोपी कथित तौर पर क्लासरूम में पहुंचा और एक छात्रा पर चेनसॉ से हमला कर दिया। अचानक हुई इस घटना से क्लास में मौजूद विद्यार्थियों के बीच दहशत फैल गई। दूसरी छात्रा ने पीड़िता को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी हमले में घायल हो गई।
मरम्मत के काम के बीच स्कूल में दाखिल हुआ
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कूल में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी को मजदूर समझकर स्कूल परिसर में प्रवेश दे दिया गया। आरोप है कि वह इसी तरह स्कूल के अंदर पहुंचा और क्लासरूम में वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता का रिश्तेदार बताया जा रहा आरोपी
रिपोर्ट्स में आरोपी की पहचान हेमंत उर्फ डुम्मू के रूप में बताई गई है। वह धर्मावरम मंडल के नागलुर गांव का निवासी बताया जा रहा है और घायल छात्राओं में से एक का दूर का रिश्तेदार है। घटना के बाद आरोपी स्कूल से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
हमले की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल हमले के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था और बाहरी लोगों के प्रवेश की जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।