×

पुष्कर सिंह धामी की सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर पीएम मोदी ने दी बधाई, सीएम ने जताया आभार

 

देहरादून, 23 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी की सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी। इसके बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी! उत्तराखंड के विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति आपके आत्मीयतापूर्ण शब्दों एवं शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के शब्दों में देवभूमि की अंतर्निहित शक्ति, व्यापक संभावनाओं और उत्तराखंड के प्रति उनके विशेष लगाव का प्रेरक प्रतिबिंब स्पष्ट रूप से दिखाई होता है। आपके कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में यह चार वर्षों की यात्रा प्रदेशवासियों के विश्वास, सहयोग और सामूहिक संकल्प की परिणति है। हमारी सरकार जनसेवा, पारदर्शिता और समावेशी विकास के मूल मंत्र के साथ कार्य करते हुए सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को पूर्ण कर रही है।

सीएम धामी ने कहा कि आज ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तराखण्ड निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आपके स्नेह, विश्वास और सहयोग से देवभूमि उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का यह प्रयास सतत जारी रहेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पत्र में कहा था कि उत्तराखंड के ऊर्जावान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने की हार्दिक बधाई। विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे उनके कार्य प्रशंसनीय हैं।

पीएम ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से आस्था, अध्यात्म, साहस और संस्कृति की पावन भूमि रही है। यहां की अद्भुत लोक परंपराएं, विविध भाषाएं-बोलियां, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सरल जनजीवन प्रदेश को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकास की व्यापक सोच और 'विकसित भारत' के संकल्प के अनुरूप उत्तराखंड निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। चार धाम ऑल वेदर रोड के तहत चारधाम यात्रा को अधिक सुगम व सुरक्षित बनाने का काम तेजी से चल रहा है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन में रेल संपर्क मजबूत किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों में संपर्क सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय लोगों के पलायन को रोकते हुए शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों ने राज्य के पर्यटन और अर्थव्यवस्था को नई गति दी है।

पीएम ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार सृजन, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन व डिजिटल और हरित विकास को बढ़ावा देने जैसे कदम सराहनीय हैं। आपदा प्रबंधन की सुदृद्ध व्यवस्था और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता राज्य की प्रगति को नई दिशा दे रही है। अमृत काल में विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को विकसित उत्तराखण्ड में मजबूती मिलेगी। एक आत्मनिर्भर, समृद्ध और मजबूत उत्तराखंड के निर्माण में यहां के हर नागरिक की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी