☰
×

पुरी टाउन हॉल में छात्रों ने सीखी संसद की कार्यप्रणाली, विपक्ष ने निभाई सहयोगात्मक भूमिका

 

पुरी, 7 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के पुरी में लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से पुरी टाउन हॉल में 'मॉडल संसद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पुरी के सांसद डॉ. संबित पात्रा ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जिले के 27 'पीएम श्री' स्कूलों के चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया और संसद की कार्यप्रणाली को मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने विपक्ष और ट्रेजरी बेंच की भूमिका निभाते हुए विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को यह समझाना था कि लोकतंत्र किस तरह मजबूत बना रह सकता है और संसद में किस प्रकार स्वस्थ एवं सार्थक बहस का वातावरण तैयार किया जा सकता है। विद्यार्थियों ने अपने विचारों और चर्चाओं के माध्यम से संसदीय लोकतंत्र की प्रक्रिया को समझने का प्रयास किया।

कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सांसद डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि पुरी जिला प्रशासन की ओर से पीएम श्री स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए मॉडल पार्लियामेंट का आयोजन किया गया था। पुरी जिले में लगभग 27 पीएम श्री स्कूल हैं और इन सभी स्कूलों से चयनित विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। छात्रों ने विपक्ष और ट्रेजरी बेंच के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं और लोकतंत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

पात्रा ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने मॉडल संसद में सभी विषयों को बहुत अच्छे तरीके से प्रस्तुत किया। उन्होंने विशेष रूप से इस बात का उल्लेख किया कि कार्यक्रम में विपक्ष की भूमिका भी सहयोगात्मक रही और हर विषय पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के भीतर लोकतांत्रिक सोच और स्वस्थ बहस की संस्कृति को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

सांसद ने आगे कहा कि पुरी के मॉडल संसद कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया है कि लोकतंत्र को बचाए रखना जरूरी है और लोकतंत्र के रास्ते से ही विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में अराजकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए, क्योंकि अराजकता हमेशा तोड़ने का काम करती है, जोड़ने का नहीं।

--आईएएनएस

पीएसके