पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन शुरू, 10 लाख रुपए तक इनाम की घोषणा
चंडीगढ़, 16 फरवरी (आईएएनएस)। पंजाब में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर सख्ती से नकेल कसने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है। पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है।
पंजाब पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट किया है, जिसमें स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कॉल या व्हाट्सऐप के माध्यम से दी गई हर सूचना को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान किसी भी स्थिति में उजागर नहीं की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस ने भरोसेमंद और पुख्ता जानकारी देने वालों को 10 लाख रुपए तक के नकद इनाम की घोषणा भी की है, बशर्ते वह सूचना गैंगस्टरों की गिरफ्तारी में सहायक साबित हो।
पंजाब में पिछले कुछ समय से संगठित अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन लगातार सतर्क हैं। इसी कड़ी में यह हेल्पलाइन शुरू की गई है ताकि आम नागरिक भी कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में भागीदार बन सकें।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस बल के भरोसे नहीं जीती जा सकती, इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 को विशेष रूप से एंटी-गैंगस्टर ऑपरेशन के लिए सक्रिय किया गया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि हर सूचना का गंभीरता से विश्लेषण किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष टीमों का गठन भी किया गया है, जो तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर अपराधियों तक पहुंचेंगी।
अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य राज्य में भयमुक्त वातावरण स्थापित करना और युवाओं को अपराध के रास्ते पर जाने से रोकना है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बिना डरे आगे आएं और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ आवाज उठाएं।
पंजाब पुलिस का संदेश साफ है, गैंगस्टरों और अपराधियों के लिए राज्य में कोई जगह नहीं है। सामूहिक प्रयास और जन सहयोग से ही पंजाब को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाया जा सकता है। पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम