×

पंजाब पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई, 30 किलो हेरोइन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

 

चंडीगढ़, 8 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर यूनिट ने बीएसएफ (बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स) के साथ मिलकर क्रॉस-बॉर्डर नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। इसी के साथ पुलिस ने इस ऑपरेशन में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ 30.200 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

ऑपरेशन की जानकारी देते हुए पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा, "एक बड़ी कामयाबी में काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर ने बीएसएफ के साथ मिलकर एक बड़े क्रॉस-बॉर्डर नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में दो आरोपियों को पकड़ा गया और 30.200 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।"

उन्होंने आगे लिखा, "फाजिल्का के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन्स सेल पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे के कनेक्शन का पता लगाने और सीमा पार के हैंडलर्स से जुड़े सभी लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच चल रही है।"

उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस सीमा पर कड़ी निगरानी रखने और सीमा पार तस्करी व नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बता दें कि ड्रग तस्करों के खिलाफ पंजाब पुलिस की ओर से लगातार की जा रही कार्रवाई का एक दूसरा मामला भी गुरुवार को पंजाब से सामने आया था, जहां एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ मोगली और गुरप्रीत सिंह उर्फ भैरो के रूप में हुई।

एसएसपी ने बताया कि दोनों तस्कर पिछले कुछ समय से संगरूर इलाके में बड़े पैमाने पर नशे का काम कर रहे थे। उनमें से मोगली के पास से 510 ग्राम हेरोइन कॉमर्शियल मात्रा में बरामद की गई है। मोगली से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर आगे भैरो को भी गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 3 हथियार, 3 जिंदा कारतूस और 50 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि मामले की जांच में आरोपियों का कुछ अंतरराज्यीय लिंक भी सामने आया है। इसी के साथ आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। मोगली पर पूर्व में 4 एफआईआर और दूसरे भैरो के ऊपर पूर्व में 16 एफआईआर विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी